कोटा। भीषण गर्मी और शादियों के सीजन के चलते इन दिनों ट्रेनों में क्षमता से अधिक भीड़ यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई है। शनिवार को कोटा स्टेशन पर एक ऐसा मामला सामने आया जिसने रेल सुरक्षा बल (RPF) के व्यवहार और रेलवे की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक दंपति अपने बच्चों के साथ ओखा-गुवाहाटी एक्सप्रेस के वातानुकूलित (AC) बी-2 कोच में सफर कर रहे थे। कोच में भीड़ इतनी अधिक थी कि महिला यात्री घंटों तक शौचालय (Washroom) तक नहीं जा सकीं। भीड़ के कारण रास्ता ब्लॉक होने और घंटों इंतजार के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। पति ने पहले ऑनलाइन शिकायत की, लेकिन जब कोई समाधान नहीं हुआ तो मजबूरी में कोटा स्टेशन पर ट्रेन की चेन पुलिंग कर दी।
चेन पुलिंग के बाद मौके पर पहुंचे आरपीएफ जवानों ने यात्री की मजबूरी समझने के बजाय उसे जबरन हिरासत में ले लिया। जब अन्य यात्रियों और पीड़ित की पत्नी ने इसका विरोध किया, तो जवान भड़क गए। आरोप है कि जवानों ने यात्रियों को धमकाते हुए कहा— "ज्यादा नेतागिरी करोगे तो खाल उधेड़ देंगे, चुपचाप यहीं बैठ जाओ वरना यहीं यात्रा करा दूंगा।"
जवानों की इस अभद्रता और धमकी भरे लहजे को कुछ यात्रियों ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। काफी हंगामे और पत्नी द्वारा ट्रेन नहीं चलने देने की चेतावनी के बाद, आरपीएफ ने यात्री से 2000 रुपये जुर्माना वसूल कर उसे छोड़ा। इस पूरे घटनाक्रम के कारण ट्रेन करीब आधे घंटे से ज्यादा समय तक कोटा में खड़ी रही।
यह ट्रेन पहले से ही विवादों और देरी का शिकार रही। शनिवार सुबह मोडक और रामगंज मंडी के बीच एक जानवर के कटने के कारण ट्रेन करीब पौने दो घंटे की देरी से सुबह 8:05 बजे कोटा पहुंची थी। चेन पुलिंग के हंगामे के बाद इसे सुबह 8:45 बजे रवाना किया जा सका।
सवाल: क्या यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए तैनात सुरक्षाकर्मियों का ऐसा व्यवहार जायज है? भीड़ का समाधान करने के बजाय पीड़ित को ही प्रताड़ित करना किस हद तक सही है?
#RailwayNews #KotaRailwayStation #RPFHighhandedness #IndianRailways #PassengerSafety #ViralVideo #KotaCrime #RailwayUpdate #OkhaGuwahatiExpress #Injustice
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.