कोटा | भारतीय रेल में यात्री सुविधाओं के दावों के बीच कोटा स्टेशन पर एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। एर्नाकुलम-निजामुद्दीन दूरंतो एक्सप्रेस (12283) में गंदगी की शिकायत करना एक यात्री के लिए मुसीबत बन गया। कोच के शौचालय की सफाई करवाने के बजाय ट्रेन के टीटीई (TTE) ने यात्री के साथ धक्का-मुक्की की और उसे मारने के लिए दौड़ा। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बड़ौदा निवासी मंगेश तिवारी अपनी बीमार सास को डॉक्टर को दिखाने प्रयागराज जा रहे थे। उनका आरक्षण सेकंड एसी कोच (A1) में था। ट्रेन में चढ़ते ही उन्होंने देखा कि शौचालय पूरी तरह 'चोक' और गंदगी से भरा है। मंगेश ने 139 और रेल मदद पर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर उन्हें कोटा स्टेशन पर सफाई का आश्वासन दिया गया।
गुरुवार सुबह करीब 11:40 बजे जब ट्रेन कोटा पहुँची, तो सफाई कर्मचारी आए तो सही, लेकिन बिना सफाई किए ही जाने लगे। जब यात्री ने विरोध किया, तो मौके पर मौजूद टीटीई सफाईकर्मियों का पक्ष लेते हुए यात्री पर चिल्लाने लगा।
धमकी और धक्का-मुक्की: टीटीई ने यात्री से कहा, "ट्रेन चलने वाली है, सफाई नहीं हुई तो नीचे उतर जाओ।"
मोबाइल छीनने की कोशिश: जब यात्री ने इस बदसलूकी का वीडियो बनाना शुरू किया, तो गुस्साया टीटीई उन्हें मारने दौड़ा और मोबाइल छीनने का प्रयास किया।
बचाव: कोच के अन्य यात्रियों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन टीटीई बार-बार हमलावर होता रहा।
हैरानी की बात यह है कि यह पूरा विवाद ट्रेन के गार्ड के सामने हो रहा था। यात्रियों की समस्या सुलझाने के बजाय, वीडियो में गार्ड भी यात्री को ही गलत ठहराता नजर आ रहा है। कोटा स्टेशन पर पर्याप्त कैरिज स्टाफ और सफाई ठेका होने के बावजूद, सफाई कर्मचारी भीड़ का बहाना बनाकर शौचालय में घुसे बिना ही लौट गए। नतीजतन, निजामुद्दीन तक यात्री को उसी गंदगी के बीच सफर करना पड़ा।
इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन में खलबली मच गई है। चूंकि टीटीई और ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ दिल्ली मंडल का है, इसलिए कार्रवाई के लिए फाइल आगे बढ़ाई गई है।
"इस मामले की पूरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। संबंधित स्टाफ दिल्ली मंडल का है, इसलिए उचित कार्रवाई हेतु रिपोर्ट दिल्ली भेजी जा रही है।" — सौरभ जैन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, कोटा
#RailwayInjustice #KotaStation #DurontoExpress #RailwaySafety #RailMadad #IndianRailways #TTEMisbehavior #ViralVideo #RailwayNews
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.