कोटा, 21 अप्रैल: बारां रेलखंड स्थित छबड़ा गुगोर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। अमृत भारत योजना के तहत स्टेशन परिसर में बन रहा प्रवेश द्वार अचानक गिर गया, जिससे रेलवे के एक जूनियर इंजीनियर और तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, स्टेशन पर प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान, अचानक सरियों, शटरिंग और सीमेंट-कंक्रीट का ढांचा लगभग 20 फीट की ऊंचाई से नीचे आ गिरा। इस मलबे की चपेट में आने से रेलवे के जूनियर इंजीनियर कैलाश मालव और तीन मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बारां रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि इंजीनियर कैलाश मालव के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें करीब एक दर्जन टांके लगे हैं। अन्य मजदूरों का भी इलाज जारी है।
घटिया निर्माण पर उठे सवाल
हालांकि, घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन कोटा मंडल रेल प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस पूरे हादसे के लिए घटिया निर्माण कार्य को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि घटिया सामग्री के इस्तेमाल को लेकर कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अधिकारियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। लोगों का कहना है कि यहां एक ही काम को कई उप-ठेकेदारों द्वारा कराया जा रहा है, जिससे मुनाफे के बंटवारे में काम की गुणवत्ता गिरती जा रही है। ठेकेदार अधिक लाभ कमाने के लालच में बनास रेत की जगह धूल भरी स्टोन डस्ट का इस्तेमाल कर रहे हैं।
स्थानीय सांसद भी कर चुके हैं शिकायत
यह भी उल्लेखनीय है कि स्थानीय सांसद प्रताप सिंह सिंघवी भी पहले छबड़ा स्टेशन पर हो रहे घटिया निर्माण कार्य की शिकायत पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक और तत्कालीन डीआरएम मनीष तिवारी से मौके पर ही कर चुके हैं, लेकिन उनकी शिकायत पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
बड़ी घटना टली
सूत्रों की मानें तो इस हादसे में एक बड़ी घटना टल गई। निर्माणाधीन ढांचे को गिरता देख कई लोग डरकर दूर भाग गए थे। यदि वे मौके पर ही खड़े रहते, तो मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो सकते थे या किसी की जान भी जा सकती थी।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने कहा कि घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
#कोटा #राजस्थान #रेलवे #छबड़ा #दुर्घटना #अमृतभारतयोजना #घटियानिर्माण #घायल
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.