जयपुर: राजस्थान विधानसभा में बुधवार को अवैध बजरी खनन के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सरकार पर अवैध खनन को बढ़ावा देने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार इस पर आंखें मूंदे बैठी है। कांग्रेस ने सरकार की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में खनन माफिया बेखौफ हो गए हैं। जब सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिला, तो कांग्रेस ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
नेता प्रतिपक्ष जूली ने कहा कि सरकार कुंभकर्णी नींद में सो रही है और अवैध खनन पर उसके मंत्री ही सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने मंत्री अविनाश गहलोत के एक बयान का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार के एक मंत्री डीएसपी को कह रहे हैं कि अवैध खनन करने वालों को मत पकड़ो। जूली ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार सीबीआई का सहयोग नहीं कर रही है और हाईकोर्ट को कहना पड़ा कि राजस्थान पुलिस सहयोग नहीं कर रही है, इसलिए सीआरपीएफ की मदद लीजिए।
जूली ने मुख्यमंत्री भजनलाल और गृह राज्यमंत्री पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनके क्षेत्रों में भी अवैध खनन जोरों पर है। उन्होंने भरतपुर और डीग में अवैध खनन के मामलों का जिक्र किया।
कांग्रेस के आरोपों पर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह बिना वजह सदन की कार्यवाही बाधित कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले अपने शासनकाल में हुए भ्रष्टाचार और अवैध खनन की घटनाओं पर ध्यान दे।
इस बीच, विधानसभा में कोचिंग छात्रों की आत्महत्याओं को रोकने और कोचिंग सेंटरों पर नियंत्रण के लिए एक विधेयक भी पेश किया गया। डिप्टी सीएम और उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमचंद बैरवा ने राजस्थान कोचिंग संस्थान (नियंत्रण और विनियमन) विधेयक, 2025 को सदन में रखा।
हैशटैग: #राजस्थानविधानसभा #अवैधखनन #कांग्रेस #वॉकआउट #कोचिंगबिल
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.