गंगा दशमी और विश्व पर्यावरण दिवस पर सवाई माधोपुर में 'वंदे गंगा जल संरक्षण महाअभियान' का शुभारंभ

गंगा दशमी और विश्व पर्यावरण दिवस पर सवाई माधोपुर में 'वंदे गंगा जल संरक्षण महाअभियान' का शुभारंभ

सवाई माधोपुर, । जल और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, सवाई माधोपुर जिले में 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) और गंगा दशमी के पावन अवसर पर 'वंदे गंगा जल संरक्षण महाअभियान' का शुभारंभ किया जाएगा। यह अभियान 5 जून से 20 जून, 2025 तक चलेगा, जिसका मुख्य उद्देश्य वर्षा जल संग्रहण, जल स्रोतों के रखरखाव और स्वच्छता को बढ़ावा देना है। यह निर्णय सोमवार को जिला कलक्टर शुभम चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई साप्ताहिक समीक्षा बैठक में लिया गया।

जिला कलक्टर शुभम चौधरी ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस अभियान से प्रत्येक गांव, पंचायत और शहरी क्षेत्र को जोड़ा जाए ताकि अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि जल एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल है।

बैठक के दौरान, जिला कलक्टर ने पर्यावरण दिवस पर 'रन फॉर एनवायरनमेंट', जल स्रोतों पर पूजन, कलश यात्रा, प्रभात फेरी, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण एवं पौधा वितरण, जल संरक्षण संरचनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ, जनजागरूकता रैलियां, जल स्रोतों की साफ-सफाई व मरम्मत, और श्रमदान जैसे विविध कार्यक्रमों के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी राजकीय संस्थाओं में अभियान के बैनर लगवाने, सार्वजनिक स्थानों पर समाजसेवी संस्थाओं और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जल सेवा की व्यवस्था करने, पक्षियों के लिए परिंडे बांधने और समाजसेवियों को प्रोत्साहित करने के भी निर्देश दिए। साथ ही, मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान और हरियालो राजस्थान के तहत सभी विभागों से निर्धारित लक्ष्य भिजवाने और मानसून पूर्व पौधारोपण की तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने मीडिया के माध्यम से इन आयोजनों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने, जनप्रतिनिधियों की भागीदारी बढ़ाने, सीएसआर निधि से सहयोग प्राप्त करने और जनजागरूकता के माध्यम से जल और पर्यावरण संरक्षण को सकारात्मक दिशा देने के लिए समस्त विभागों को निर्देश जारी किए।

साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलक्टर ने राज्य सरकार के निर्देशानुसार सभी अधिकारियों को अपने कार्यालयों में ई-फाइल व ई-डाक की पेंडेंसी समाप्त करने और निपटान समय को कम करने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने सुनिश्चित करने को कहा कि जनसुनवाई, सीएमओ प्रकरण, संपर्क पोर्टल, सीपीग्राम पोर्टल सहित किसी भी स्तर पर अनावश्यक पेंडेंसी न रहे, और संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना में लंबित आवेदनों के निस्तारण, बिजली व पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, तथा बरसात के मौसम को देखते हुए जल भराव क्षेत्रों के लिए संसाधन उपलब्धता, कार्मिकों की नियुक्ति, पंप सेटों का सुचारु संचालन, मानसून से पूर्व नालों की साफ-सफाई और सभी चिकित्सा संस्थानों में मौसमी बीमारियों से संबंधित आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार कस्वा, सहायक कलक्टर रूबी अंसार, अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी हरिसिंह मीना, अधीक्षण अभियंता जलदाय विभाग बीएस मीना, अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग बीएल मीना, अधीक्षण अभियंता वाटरशेड उमेश चन्द गुप्ता सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

#गंगादशमी #विश्वपर्यावरणदिवस #जलसंरक्षण #वंदेगंगामहाअभियान #सवाईमाधोपुर #शुभमचौधरी #जलसंसाधन #पर्यावरणसुरक्षा #वृक्षारोपण #जनजागरूकता

G News Portal G News Portal
261 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.