कोटा: पश्चिम-मध्य रेलवे विजिलेंस टीम ने रविवार आधी रात को कोटा स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई के दो टीटीई (यात्रा टिकट परीक्षक) को पकड़ा है। इन दोनों टीटीई के पास विजिलेंस को उनके निर्धारित रोस्टर से करीब ₹22,000 अधिक राशि मिली है। विजिलेंस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों टीटीई की ड्यूटी मुंबई-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्वराज एक्सप्रेस (12471) में थी। रात करीब 11:40 बजे ट्रेन कोटा पहुंची। दोनों टीटीई अपना पैसा जमा कराने बुकिंग कार्यालय गए थे, जहाँ पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उनकी जांच की।
जांच में, टीटीई भागचंद मीणा के पास निर्धारित राशि से ₹6,000 अधिक मिले, जबकि दूसरे टीटीई के पास ₹16,000 अधिक पाए गए। इसके बाद विजिलेंस ने दोनों के खिलाफ केस तैयार किया और मामले की रिपोर्ट मुंबई मंडल को भेजी जा रही है।
दोनों टीटीई के पास इतनी बड़ी रकम मिलने का यह मामला रेलवे स्टाफ कर्मियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले इसी साल 23 जून को जबलपुर स्टेशन पर कोटा के टीटीई अमर छिल्लर को भी विजिलेंस ने तब पकड़ा था, जब उनके पास निर्धारित से करीब ₹9,600 अधिक मिले थे।
#RailwayVigilance #TTECaught #KotaStation #SwadeshExpress #IndianRailways #टीटीईनिलंबित #रेलवेखबर
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.