वजीरपुर (सवाई माधोपुर): वजीरपुर थाना क्षेत्र के मीना बड़ौदा गाँव के पास बुधवार रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुरानी रंजिश के चलते करीब एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने घेरकर युवक पर गोलियां बरसाईं और फिर धारदार हथियारों से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमर सिंह मीना ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि दिनांक 6 मई 2026 की रात करीब 10:00 बजे वह अपने भतीजे अवधेश मीना और भाई सियाराम के साथ मोटरसाइकिल से रिश्तेदारी से लौट रहे थे। जब वे सेंगरपुरा रोड स्थित शमशान घाट के पास पहुँचे, तभी घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, हमलावर 2-3 चार पहिया गाड़ियों में सवार होकर आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नेहरू, सुग्रीव, आशिक, अमित, राजेश (भूत), पीयूष, भूरा और उनके साथ आए 5-7 अन्य लोगों ने घेरकर फायरिंग शुरू कर दी। नेहरू और सुग्रीव द्वारा की गई फायरिंग में अवधेश गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
इसके बाद हमलावरों ने उसे घेर लिया और लाठी, सरियों व धारदार हथियारों से उसके हाथ-पैर और सिर पर जानलेवा वार किए। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए घायल युवक को गाड़ियों से कुचलने का प्रयास भी किया।
परिजन घायल अवधेश को तुरंत वजीरपुर अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ उसकी नाजुक हालत को देखते हुए गंगापुर सिटी रेफर कर दिया गया। गंगापुर सिटी के सरकारी अस्पताल पहुँचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
"पूर्व में भी इन आरोपियों ने अवधेश पर जानलेवा हमला किया था। यह पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश और आपराधिक षडयंत्र का हिस्सा है।" - अमर सिंह मीना (मृतक का चाचा)
पुलिस ने अमर सिंह की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
#WazirpurNews #CrimeNews #SawaiMadhopur #MeenaBaroda #RajasthanPolice #MurderCase #JusticeForAvdhesh
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.