सवाईमाधोपुर में 10 मार्च से शुरू होगी गेहूं की खरीद, किसानों को मिलेगा अतिरिक्त बोनस

सवाईमाधोपुर में 10 मार्च से शुरू होगी गेहूं की खरीद, किसानों को मिलेगा अतिरिक्त बोनस

सवाईमाधोपुर: जिले में भारतीय खाद्य निगम (एफसीआइ) की ओर से 10 मार्च से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद शुरू की जाएगी। इस बार जिले में 12 हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। एफसीआइ ने इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

150 रुपए अतिरिक्त बोनस के साथ मिलेगा समर्थन मूल्य

केंद्र सरकार ने इस वर्ष गेहूं की खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,425 रुपए प्रति क्विंटल तय किया है। इसके अलावा, राज्य सरकार ने 150 रुपए प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस घोषित किया है। इस प्रकार किसानों को कुल 2,575 रुपए प्रति क्विंटल का भुगतान किया जाएगा। गेहूं बेचने के बाद किसानों को नियमानुसार 48 घंटे के भीतर भुगतान किया जाएगा।

पंजीयन के लिए जरूरी दस्तावेज

जिला रसद अधिकारी रामभजन मीना ने बताया कि गेहूं बेचने के लिए किसानों का जनाधार कार्ड अनिवार्य है। किसान के बैंक खाते का जनाधार से लिंक होना जरूरी है। पोर्टल पर किसान की गिरदावरी भू-प्रबंधन विभाग के रिकॉर्ड से स्वत: फेच की जाएगी। यदि रिकॉर्ड ऑटो-फेच नहीं होता है, तो किसान गिरदावरी दस्तावेज अपलोड कर पंजीयन करवा सकता है। किराए की भूमि या बंटाईदार अनुबंध पर काम करने वाले किसानों को भूमि मालिक का जनाधार, आधार और स्वघोषणा पत्र अपलोड करना होगा।

अब तक 497 किसानों ने कराया पंजीयन

समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के लिए 1 जनवरी से पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अब तक जिले में कुल 497 किसानों ने पंजीयन करवाया है। इनमें खंडार मंडी में 234, बहरावण्डा खुर्द में 175, सवाईमाधोपुर में 41 और गंगापुरसिटी में 47 किसानों का रजिस्ट्रेशन हुआ है।

खरीद केंद्र और समय सीमा

जिले में गेहूं खरीद के लिए चार खरीद केंद्र बनाए गए हैं। यह प्रक्रिया 10 मार्च से शुरू होकर 30 जून तक चलेगी। पंजीयन की अंतिम तिथि 25 जून शाम 7 बजे तक तय की गई है।

#गेहूं_खरीद2025 #राजस्थानकिसान #समर्थनमूल्य #सवाईमाधोपुर_किसान

G News Portal G News Portal
156 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.