श्रीगंगानगर। जिले के पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में पुलिस ने 27 वर्षीय एक महिला को हनीट्रैप के आरोप में गिरफ्तार किया है। महिला ने पुलिसकर्मी को ब्लैकमेल कर लाखों रुपए वसूले और दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी दी। मामले में महिला के पति विकी सोनी के खिलाफ जांच अभी जारी है।
भरतनगर निवासी सिपाही संदीप जाट की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। संदीप ने बताया कि महिला और उसके पति ने उसे ब्लैकमेल और धमकाने का प्रयास किया। शिकायत के बाद पुलिस ने महिला को विनोबा वस्ती क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुरानी आबादी थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि सिपाही संदीप जाट की ड्यूटी चालानी गार्ड में थी। इस दौरान वह एनडीपीएस एक्ट में जेल में बंद विकी सोनी को कोर्ट लेकर जाता था। विकी सोनी की पत्नी से इसी दौरान उसकी थोड़ी-बहुत पहचान हुई।
संदीप ने आरोप लगाया कि अक्टूबर 2022 में महिला ने उसे अपने किराए के मकान पर बुलाया और नशीली चाय पिलाकर उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो बना लीं। इसके बाद महिला ने ब्लैकमेल करना शुरू किया। उसने उससे हजारों रुपए नकद और बाजार से सामान भी खरीदवाया।
महिला ने सितंबर 2022 में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर सिपाही से एक लाख रुपए नकद लिए। जुलाई 2023 में विकी सोनी की जमानत के बाद, दोनों ने मिलकर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपए मांगने शुरू कर दिए।
3 सितंबर को महिला और उसका पति संदीप के घर पहुंचे और उसे धमकाया। इसके बाद संदीप ने मामला दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि विकी सोनी के खिलाफ जांच अभी जारी है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।
यह मामला हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के बढ़ते मामलों की एक और कड़ी है, जिससे पुलिस विभाग भी अछूता नहीं है।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.