Bikaner News: बीकानेर के मुक्ताप्रसाद नगर थाना इलाके में शुक्रवार को एक महिला का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के जलने की दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एफएसएल टीम को बुलाया।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर खुद मौके पर पहुंचे और जांच की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सौरभ तिवाड़ी ने बताया कि एकतानगर निवासी मांगीलाल जाट की 30 वर्षीय पत्नी मनीषा अधजली अवस्था में घर में मिली। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि महिला की हत्या के बाद शव को जलाने की कोशिश की गई है।
मनीषा के पति मांगीलाल और उसके भाई महेन्द्र साथ रहते हैं, जबकि एक अन्य भाई मुनीराम पास में ही मकान में रहता है। मृतका के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। घटना के समय महिला घर में अकेली थी, जबकि पति काम पर और बच्चे स्कूल गए हुए थे।
पड़ोसियों ने बताया कि सुबह करीब साढ़े दस बजे घर के पास एक संदिग्ध युवक देखा गया था, जो पिछले दरवाजे पर खड़ा था। जब पड़ोसियों ने युवक को देखा, तो वह वहां से भाग निकला। पुलिस ने मकान के पीछे से युवक के पदचिन्हों की जांच की है।
मनीषा के पति मांगीलाल की रिपोर्ट पर हत्या और सबूत मिटाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
#BikanerNews #CrimeNews #RajasthanNews #MurderMystery
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.