बाढ़ से बाबई स्कूल हुआ तहस नहस विद्यालय अभिलेखों सहित हुआ लाखों का नुकसान
इन्द्रगढ़ 8 अगस्त। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाबई में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय 4 अगस्त को आयी बाढ़ से तहस नहस हो गया।
जानकारी के अनुसार तेज बारिश के कारण 4 अगस्त को चाकल नदी में उफान आया। जिसके कारण नदी में आयी बाढ़ के पानी ने पूरे बाबई ग्राम को अपनी चपेट में ले लिया। नदी के किनारे पर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में भी धीरे धीरे बाढ़ का पानी भरने लगा। उस समय विद्यालय समय होने के कारण विद्यालय का स्टाफ भी विद्यालय में ही उपस्थित था।
विद्यालय प्राचार्य पीईईओ बाबई रेखा मीना ने बताया कि करीब 11 बजे बाद बाढ़ के पानी ने सैलाब का रूप ले लिया और विद्यालय की पीछे से दीवार तोड़ता हुआ विद्यालय में प्रवेश कर गया। इस तेज बहाव और पानी से विद्यालय की चार दीवारी और गेट टूट गये। विद्यालय में अचानक जल का स्तर बढ़ने से विद्यालय के शिक्षक व स्टाफ के कर्मचारी घबरा कर जान बचाने के लिए भागे रास्ते में बहते पानी से होकर पहले ए ब्लॉक से बी ब्लॉक में पहुंचे लेकिन कुछ ही मिनटों में जल स्तर 5 फीट के करीब पहुंचने लगा तो दीवार फांद कर अपनी जान बचाई और लालसोट कौटा मेगा हाईवे रोड़ से होकर गांव के बीच स्थित विद्यालय की पुराने भवन में पहुंचे।
पीईईओ ने बताया कि उन्होने तुरन्त उच्च अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी। विद्यालय के दो कर्मचारियों ने स्थित पर नजर बनाये रखते हुऐ जानकारी देते रहे।
उन्होने बताया कि बाढ़ के कारण विद्यालय में भवन मंे करीब 7-8 फीट तक पानी भर गया। जिससे विद्यालय भवन में रखे आईसीटी लेब के कम्प्युटर, प्रिन्टर सहित अन्य उपकरण खराब हो गये। पोषाहार के बर्तन, सिलाई मशीनें, बोरी में भरकर रखी पुस्तकालय की पुस्तकें आदि बह गये। वहीं विद्यालय एवं पीईईओ कार्यालय अभिलेख, बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाऐं, उच्च माध्यमिक, माध्यमिक एवं आठवी बोर्ड परीक्षा के अभिलेख, एसडीएमसी अभिलेख, पुस्तकालय एवं कार्यालय का फर्नीचर भीगने से खराब हो गये।
बाढ़ ने पूरे विद्यालय परिसर को तहस नहस कर दिया। विद्यालय मैदान में लगाये गये करीब 200 से अधिक पौधे भी नष्ट हो गये। बाढ़ का पानी उतरने पर विद्यालय में तबाही का मंजर नजर आ रहा था। विद्यालय में एक एक फिट तक कीचड़ भरा गया था। विद्यालय के स्टाफ ने पीईईओ क्षेत्र के विद्यालयों के स्टाफ के सहयोग से विद्यालय के भवन को साफ किया। हम अपना पूरा प्रयास करके विद्यालय को पुनः पूर्व जैसा बनाने के लिए अपनी पूर्ण क्षमता से प्रयास कर रहे हैं।
पीईईओ ने बताया कि बारिश और बाढ़ के कारण बाबई ग्राम पंचायत पीईईओ क्षेत्र के कई गांवो का सम्पर्क बाबई से कट गया था। इस दौरान क्षेत्र के अन्य उच्च प्राथमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों का भी हाल बेहाल हो रहा था। कई विद्यालय परिसरों में पानी भर गया था। ऐसे में विद्यालयों के स्टाफ को भी सुरक्षा एवं बचाव के निर्देश दिये गये थे।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.