रवांजना चौड शिविर में कलेक्टर एवं विधायक ने सुनी समस्याएं
सवाई माधोपुर,11 अक्टूबर। प्रशासन गांव के संग अभियान के तहत रवांजना चौड में आयोजित शिविर में कलेक्टर राजेन्द्र किशन एवं खंडार विधायक अशोक बैरवा ने पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी। शिविर प्रभारी कपिल शर्मा ने बताया कि शिविर में ग्रामीणों द्वारा बिजली निगम के कनिष्ठ अभियंता की शिकायत विधायक को करने पर विधायक ने कनिष्ठ अभियंता को रिलीव करवाया। इसी प्रकार खाद्य सुरक्षा अधिकारी को भी अपने कर्तव्यों के निर्वहन के प्रति गंभीर होने के निर्देश दिए। विधायक ने शिविर में ग्रामीणों से योजनाओं का पूरा लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिविरों में लोगों के कार्य तुरंत किए जा रहे है। कलेक्टर ने भी लाभार्थियों से संवाद किया। इसी प्रकार चौथ का बरवाडा प्रधान ने भी शिविर में शिरकत की। शिविर में 55 पट्टे, 11 गैर खातेदारी अधिकार से खातेदारी अधिकार, 70 नामांतकरण, एक बालिका को दिव्यांगता प्रमाण पत्र का वितरण भी किया गया।