पंचायत राज संस्थाओं के तीनों चरणों में मतदान शांतिपूर्वक सम्पन्न होने पर कलेक्टर एवं एसपी ने जताया आभार
सवाई माधोपुर, 1 सितंबर। जिले में पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव- 2021 के तीनों चरणों में शांतिपूर्वक मतदान सम्पन्न होने पर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर राजेन्द्र किशन तथा पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने जिले के मतदाताओं, मतदान कार्य से जुडे अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा बलों, मीडियाकर्मियों तथा आमजन का आभार व्यक्त किया है।
कलेक्टर ने बताया कि जिले में पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्यों के लिए तीनों चरणों में मतदान की प्रक्रिया निष्पक्षता, पारदर्शिता के साथ नियमों की अक्षरशः पालना के साथ पूर्ण की गई। उन्होंने चुनाव कार्य से जुडे अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी आभार जताया है तथा मीडिया का भी धन्यवाद ज्ञापित किया है। कलेक्टर ने बताया कि मतदान की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। मतगणना 4 सितंबर हो महात्मा गांधी राजकीय उमावि साहूनगर में होगी।
पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि इस बार सुरक्षा बलों की बहुत माकूल व्यवस्था रही। उन्होंने समन्वय से कार्य कर शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करवाने के लिये सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को बधाई दी है।