कलेक्टर ने किया खंडार थाने का निरीक्षण,
रेकॉर्ड अपडेट रखने और पेंडेंसी कम करने के दिए निर्देश
सवाई माधोपुर, 16 जुलाई। जिला कलेक्टर राजेन्द्र किशन ने शुक्रवार को खंडार थाने का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जांचा तथा थानाधिकारी को व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पुलिस थाने के मालखाने, बैरक, महिला डेस्क, हवालात एवं एचएम कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर को पूरी तरह स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। कानून व्यवस्था के संबंध में पुलिस उपाधीक्षक राकेश राजोरा व थानाधिकारी भगवान सहाय से जानकारी ली। उन्होंने कोरोना जागरूकता तथा लोगों को कोरोना से बचाव के संबंध में बीट प्रभारियों को पूर्ण सक्रिय रखते हुये सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कंप्यूटर कक्ष को देखा और रेकॉर्ड अपडेट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सम्मन तामील करवाने और मुकदमों की पेडेंसी के संबंध में चर्चा कर निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान लाइसेंसी हथियार, कर्मचारियों की उपस्थिति सहित अन्य रेकॉर्ड की भी जांच की। इससे पूर्व थाने पहुंचने पर कलेक्टर को पुलिस जवानों ने गार्ड आफ ऑनर दिया। उन्होंने थाना परिसर में पौधरोपण भी किया।