कलेक्टर ने गंगापुर सिटी का दौरा

कलेक्टर ने गंगापुर सिटी का दौरा

कलेक्टर ने गंगापुर का दौरा कर टीकाकरण में तेजी लाने, प्रोटोकॉल की पालना के लिये लोगों को समझाया
सवाई माधोपुर, 7 अप्रैल। जिला कलेक्टर राजेंद्र किशन ने कोरोना गाइडलाइन की पालना के संबंध में बुधवार को गंगापुर सिटी में बाजारों एवं मौहल्लों का निरीक्षण किया तथा एडीएम नवरतन कोली, पुलिस व अधिकारियों के साथ पैदल मार्च कर लोगों को कोविड-19 गाइडलाइन की पालना के लिये समझाया, उन्होंने मुस्लिम समुदाय के धर्मगुरूओं और प्रबुद्धजन के साथ बैठक कर टीकाकरण कार्य में तेजी लाने के उपायों पर मंथन किया।
जिला कलेक्टर ने ईदगाह चौराहे पर दुकानदारों से समझाइश की और कोरोना गाइडलाइन की पालना नही करने पर एक दुकानदार का चालान भी कटवाया। जामा मस्जिद में मुस्लिम धर्म गुरुओं, मौलवी, सदर, अन्य प्रबुद्धजन के साथ बैठक कर कोविड-19 टीकाकरण में तेजी लाने, बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलने, घर से बाहर जाते समय मास्क लगाने की अपील की। उन्होंने बताया कि देश के कई शहरों में हालत बेहद खराब हो चुके हैं। अस्पतालों में वेंटिलेटर और बेड खाली नहीं है। यदि हम सब सतर्क नहीं रहे, कोरोना गाइडलाइन की पालना नहीं की तो आम जन की सुरक्षा के लिये अधिक पाबंदियॉं लगानी पड सकती हैं जिससे आजीविका प्रभावित होगी।
उप जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मौहम्मद अकरम ने बताया कि अभी कोरोना की कोई दवा नहीं है। यह खतरनाक रूप से वापस आ गया है। कोविड-19 का टीका और मास्क लगाने, 2 गज दूरी का पालन करने जैसे प्रोटोकॉल का पालन करके ही हम खुद की और दूसरों की जान बचा सकते हैं। कोविड-19 का टीका पूर्ण सुरक्षित है तथा जिला कलेक्टर, एसपी समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी इसे लगवा चुके हैं। 1 जनवरी, 2022 को 45 साल की आयु प्राप्त करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को तत्काल टीका लगवा लेना चाहिये ताकि उसमें इस बीमारी से लडने की रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो जाये। जामा मस्जिद सदर आमीन खान, मौलाना खलीक अहमद, हाजी जमील अहमद समेत उपस्थित सभी ने संकल्प जताया कि वे शत प्रतिशत पात्रों को जल्द से जल्द टीका लगवाने के लिये पूरा प्रयास करेंगे। गंगापुर सिटी में कोरोना से एक भी व्यक्ति की जान न जाये, इसके लिये पूरा प्रयास करेंगे। मुस्लिम समुदाय के धर्म गुरूओं और अन्य प्रबुद्ध जन ने बताया कि रमजान में दिन में भोजन, पानी नहीं लेने के कारण रात्रि में टीकाकरण कैम्प लगवाना उपयुक्त होगा। कलेक्टर ने इसे अच्छा सुझाव मानते हुये उपयुक्त कार्रवाई का आश्वासन दिलाया। इसके बाद कलेक्टर ने पैदल मार्च कर कचहरी रोड़, कोतवाली, मुख्य बाजार, देवी स्टोर, न्यू मार्केट, फव्वारा चौक और पंचायत समिति के सामने पहुंच कर राहगीरों, व्यापारियों और आमजन से समझाइश की।

G News Portal G News Portal
84 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.