थर्ड ग्रेड शिक्षकों के स्थानांतरण से प्रतिबंध हटाने की मांग
सवाई माधोपुर 19 जुलाई। राजस्थान शिक्षक एवं पंचायतीराज कर्मचारी संघ जिला शाखा सवाई माधोपुर द्वारा जिलाध्यक्ष मोहम्मद जाकिर के नेतृत्व में जिला कलेक्टर सवाई माधोपुर को मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री राजस्थान सरकार के नाम का ज्ञापन सौंपकर अध्यापक तृतीय श्रेणी के स्थानान्तरण से प्रतिबंध हटाने की मांग की है।
जिलाध्यक्ष मोहम्मद जाकिर ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा 14 जुलाई से 14 अगस्त 2021 तक राज्य कार्मिको के स्थानांतरण से प्रतिबंध हटाया गया है, हर बार की तरह इस बार भी तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण पर रोक बरकरार रखते हुए तृतीय श्रेणी शिक्षकों के ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित नही कर उन्हें स्थानांतरण से वंचित रखा जा रहा है। जो कि तृतीय श्रेणी शिक्षकों के साथ कुठाराघात है। सरकार द्वारा राजस्थान के माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा में कार्यरत तृतीय श्रेणी शिक्षकों व प्रबोधकों के स्थानांतरण से प्रतिबंध हटाया जाए।
जिला मंत्री राहुल सिंह गुर्जर ने बताया कि टी.एस. पी. व प्रतिबंधित डार्क जोन जिलों में पदस्थापित शिक्षकों के स्थानांतरण सामान्य श्रेणी के जिलों में किए जावे साथ ही विभाग में कार्यरत शिक्षकों के समान विषय समान पद के आधार पर पारस्परिक स्थानांतरण सत्र पर्यन्त किए जावे। यदि समय रहते कर्मचारियों के हित में निर्णय नही लिया जाता है तो आगामी दिनों में प्रांतीय नेतृत्व के निर्णयानुसार विधानसभा का घेराव किा जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में जिला संरक्षक हरिशंकर गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष रशीद अहमद देशवाली, बबुआ खान, विनोद जैन आदि कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।