त्रिलोकपुरा रोड पर डंपर ने तोडे बिजली के पोल, उखड़े ट्रांसफार्मर
भगवतगढ़ 19 जनवरी। दिल्ली मुुंबई आठ लेन हाइवे के कार्य पर मिट्टी डालने का कार्य कर रहे ठेकेदार के कार्मिकों की लापरवाही से गत दिवस त्रिलोकपुरा जा रही 11 केवी बिजली लाइन के सात आठ पोल एवं दो डीपी टूट गई। गनीमत यह रही कि रात को कार्य करते समय बिजली की लाइन में बिजली सप्लाई नहीं थी। वरना एक बडा हादसा हो सकता था।
गांव के सरपंच केदारमल गुर्जर, राजेन्द्र सिंह गोहिल एवं अन्य ने बताया कि इन दिनों भारतमाला परियोजना के तहत दिल्ली मुंबई हाइवे का कार्य भगवतगढ़ त्रिलोकपुरा की ओर युद्ध स्तर पर चल रहा है। गत रात्रि को ठेकेदार के लोग सडक के कार्य पर अन्य स्थान से डंपर से मिट्टी लाकर डाल रहे थे। त्रिलोकपुरा रोड पर सूली डूंगरी के निकट कार्मिकों की लापरवाही से मिट्टी लाने वाले डंपर का उपरी हिस्सा 11 केवी लाइन के तारों से उलझ गया। तारों से उलझने के बाद हुए खिंचाव से बिजली लाइन के सात आठ पोल एवं दो ट्रांसफार्मर टूट गए। गनीमत यह रही की जब यह घटना हुई उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी, नहीं तो बडा हादसा हो सकता था।
सरपंच एवं ग्रामीणों ने बताया कि बिजली के पोल टूटने से दो दिन से त्रिलोकपुरा के लोगों की बिजली आपूर्ति बंद पडी हैं। ऐसे में गांव के लोगों को पीने के पानी का संकट भी पैदा हो गया है।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना मिलने पर डंपर वालों को रोक लिया तथा उनके नुकसान का मुआवजा देने की मांग भी कर रहे हैं। सरपंच का कहना है कि आठ-दस पोल एवं टूटी डीपी को दुबारा स्थापित करने के लिए बिजली निगम की ओर से खेतों में होकर आवाजाही की जाएगी। जिससे किसानों के खेतों में खडी फसल का भी नुकसान होगा। ग्रामीणों को दुबारा पोल सही नहीं किए जाने तक अंधेरे में रहने की विवशता भी हो गई है। बिजली नहीं मिलने से पीने के पानी का संकट भी ग्रामीणों के सामने पैदा हो गया। वहीं सिचाई के लिए बिजली नहीं मिलने से फसलों के लिए भी परेशानी पैदा हो गई है।
बिजली निगम के कनिष्ठ अभियंता फरीद खान ने बताया कि आठ दस पोल व डीपी एनएचएआई के काम करने वालों द्वारा डंपर से उलझकर टूट गए है। इसके लिए नियमानुसार एस्टीमेट बनाकर दिया गया हैं। जिन्होंने डीपी, पोल तोड़े हैं उनके द्वारा राशि जमा करवाने पर पोल एवं लाइन को सही करवाने का कार्य किया जाएगा। इस संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।