10 साल परेशानी झेली, अब स्वयं और पुत्र की कर सकेगी बेहतर देखभाल
सवाईमाधोपुर, 7 अक्टूबर। पति की मृत्यु 10 साल पहले हो गई लेकिन न तो विधवा पेंशन शुरू हुई, न ही पुत्र की देखभाल के लिये पालनहार का लाभ मिला क्योंकि इन सबके लिये पहले पति का मृत्यु प्रमाण पत्र मिलना जरूरी था। इस प्रमाण पत्र के लिये कई कार्यालयों के चक्कर काटे लेकिन बन नहीं पाया। बामनवास के भांवरा में आयोजित प्रशासन गांवों और शहरों के संग अभियान कैम्प में सीता देवी ने मृत पति संतोष कोली का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिये आवेदन दिया तो बीडीओ ने तत्काल जारी करने के निर्देश दिये। कैम्प में सीता को यह प्रमाण पत्र सौंपा गया, साथ ही उसका तथा उसके पुत्र का जन आधार कार्ड जारी कर पालनहार का लाभ शुरू करवाया।
सीता ने बताया कि पति को खोने के बाद स्वयं और पुत्र पर दुखों का पहाड टूट पडा, बहुत आर्थिक संकट से गुजरे। उस समय ही पेंशन चालू हो जाती तो कुछ सहारा मिलता फिर भी देर आये, दुरूस्त आये। सरकार की नजर हम दुखियारों पर पडी है, अभी पेंशन और पालनहार के पैसे मिलेंगे, हो सकता है आगे और भी कुछ मिल जाये। मैं सरकार को बहुत धन्यवाद देती हूं कि सारे विभागों के अधिकारियों को गांवों में भेजकर हमारे जैसे लोगों के अटके काम 1 ही दिन में शुरू करवा रही है, परेशानी दूर कर रही है।