गंगापुर सिटी में मुख्य बाजारों और सड़कों में दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर अतिक्रमण करने से शहर में यातायात व्यवस्था बिगड़ी हुई है। शहर में पुरानी अनाज मंडी, फव्वारा चौक और उदेई मोड़ चौराहा पर सुबह से लेकर शाम तक घंटों वाहनों का लंबा जाम लगा रहता है। इसके पीछे का मुख्य कारण ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी शहर में हो रहे अतिक्रमण को मान रहे हैं। इन अतिक्रमण पर नगर परिषद द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। कभी कभार उच्चधिकारियों के दौरे होने पर नगर परिषद के अधिकारी कारवाई का झूठा दिखावा करते है ।
डायरेक्टर को दिखाने के लिए की गई कार्रवाई
भरतपुर संभाग के नगर निकायों के एडिशनल डायरेक्टर संजीव पांडे का बुधवार को गंगापुर सिटी का दौरा था। ऐसे में नगर परिषद के आयुक्त दीपक चौहान के निर्देश पर परिषद के अतिक्रमण दस्ते ने बाजारों में अतिक्रमण हटाने व पॉलीथिन जब्त करने की कार्रवाई की। नगर परिषद के दस्ते ने सब्जी मंडी में कई दुकानों पर दबिश देकर 30 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त करने के साथ ही 5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। इस दौरान ट्रक यूनियन, ईदगाह मोड़ आदि जगहों पर भी अस्थायी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.