बकाया डीपीआर समय पर स्वीकृत करवाएंः सीईओ

बकाया डीपीआर समय पर स्वीकृत करवाएंः सीईओ

जल जीवन मिशन के तहत जिले में 382 गांवों के लिए 314 जल योजनाओं की
स्वीकृतियां जारी
बकाया डीपीआर समय पर स्वीकृत करवाएंः सीईओ
सवाई माधोपुर, 29 अक्टूबर। जिला परिषद के सीईओ उत्तम सिंह शेखावत की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन के तहत जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत सन 2024 तक प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से पानी पहुुुंचाने के लक्ष्य में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की गई। सीईओ ने योजना के तहत घर-घर जल संबंध के लिए स्वीकृत एवं प्रस्तावित योजनाओं की प्रगति एवं क्रियांविति की योजनावार समीक्षा कर निर्देश दिए।
बैठक में सीईओ ने कहा कि जिले में 756 गांवों में जल योजनाओं के माध्यम से घर घर नल कनेक्शन किए जाने हैं। इस वर्ष मिशन के तहत 57 हजार से अधिक टेप कनेक्शन का लक्ष्य लेकर कार्य किया जा रहा है। जिले में 382 गांवों के लिए 314 जल योजनाओं की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी हो चुकी है। इसमें से 298 गांवों की 253 जल योजनाओं की तकनीकी स्वीकृति जारी कर ली गई है। इनमें से 165 गांवों की 145 जल योजनाओं के कार्यादेश जारी किए जा चुके है। इनसें 46 हजार 160 नल कनेक्शन जारी किए जाने का लक्ष्य है। उन्होंने ग्राम कार्ययोजना के एक्शन प्लान को आईएसए के माध्यम से बनाने एवं ग्राम सभाओं में अनुमोदित करवाने के संबंध में भी निर्देश दिए।
सीईओ ने शेष गांवों की डीपीआर शीघ्र तैयार कर स्वीकृति के लिए भिजवाने के निर्देश दिए। जिससे सभी गांवों के लोगों को नल कनेक्शन के माध्यम से 2024 तक आवश्यक रूप से नल कनेक्शन से पेयजल आपूर्ति हो सके। कलेक्टर ने स्वीकृत योजनाओं के कार्याे में प्रगति लाकर समय पर पूरा करने तथा इनसे नल कनेक्शन लाभार्थियों को उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
बैठक में एसई पीएचईडी ने बताया कि जिले के 732 गांवों में वीडब्ल्यूएससी का गठन हो चुका है। इनमें से 537 का पुनर्गठन कर महिलाओं की भागीदारी बढाने तथा आईएसए टीम द्वारा इनके बैंक खाते खुलवाने के कार्य को किया जा रहा है।
बैठक में सीईओ ने जल जीवन मिशन योजना के तहत इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर एवं फीटर की ट्रेनिंग सहित अन्य गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली तथा निर्देश दिये कि ट्रेनिंग प्राप्त कर चुके युवाओं का गांवों में सहयोग लिया जाए। इससे पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों की पालना एवं एक्शन टेकन रिपोर्ट की जानकारी ली। बैठक में अधीक्षण अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी सीताराम मीना ने जल जीवन मिशन के तहत किए जा रहे कार्याे की गुणवत्ता एवं प्रगति के संबंध में जानकारी दी।
बैठक में सीईओ ने गुणवत्ता पूर्ण सामग्री काम में लेने तथा कार्य में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए। इसी प्रकार स्कूल एवं आंगनबाडी केन्द्रों में बकाया रहे स्थानों पर टेप कनेक्शन के संबंध में भी समीक्षा कर निर्देश दिए। बैठक में अधिशासी अभियंता कैलाश चंद, हरज्ञान सिंह, सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

G News Portal G News Portal
25 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.