वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बताया योग का महत्व
सवाई माधोपुर, 18 जून। आयुर्वेद विभाग सवाई माधोपुर के ओर से सप्तम अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर वीड़ियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एवं अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस को घर पर ही आयोजित करने के सम्बन्ध में योग विषयक वेबनार का आयोजन किया गया। इससे पूर्व शुक्रवार को योग का वर्चुअल पूर्वाभ्यास करवाया गया।
उप निदेशक आयुर्वेद डॉ. कैलाश चंद ने बताया कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वक्ताओं ने दैनिक जीवन में योग का महत्व समझाया। वेबीनार में मुख्य वक्ता डॉ. बृजवल्लभ शर्मा पूर्व अतिरिक्त निदेशक ने जीवनशैली से होने वाले रोगों जैसे मधुमेह, रक्तचाप, वातविकार, अनिद्रा, मोटापा एवं मानसिक रोगों जैसे तनाव, अवसाद आदि रोगों में योग एवं आयुर्वेद की भूमिका पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। डॉ. पुरुषोत्तम गौतम ने पोस्ट कोविड में योग एवं आयुर्वेद की महत्वता पर प्रकाश डाला। डॉ. श्रीवल्लभ गौत्तम ने सामान्य योग प्रोटोकॉल, डॉ. बालकृष्ण शर्मा ने स्वस्थ जीवन शैली एवं दिनचर्या के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उपनिदेशक डॉ. कैलाश चन्द्र शर्मा ने सभी आमजन को योग दिवस, घर-घर औषधि योजना, सघन सर्वे अभियान की जानकारी दी। इस विडियो कॉन्फ्रेंसिंग में डॉ. विजय शंकर बैरवा, डॉ. राजेन्द्र कुमार शर्मा सहित सभी चिकित्साधिकारी शामिल रहे।