बाल श्रम निषेध के सम्बंध में दी जानकारी
बामनवास 13 जून। तालुका विधिक सेवा समिति बामनवास के तत्वावधान में विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर पुलिस चैकी पिपलाई परिसर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
जागरूकता शिविर में सेवा समिति अध्यक्ष मनमोहन चंदेल ने आमजन को बाल श्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 12 जून को विश्व भर में बाल श्रम मजदूर दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि बाल श्रम समाज के लिए एक नासूर बन गया है भारत में लगभग सात से आठ करोड़ बच्चे अनिवार्य शिक्षा से वंचित हैं, जो कि गरीबी तथा अन्य कारणों से स्कूल का मुंह तक नहीं देख पाते हैं तथा मजबूरी में मजदूरी का कार्य करते हैं। इसके अलावा प्रतिवर्ष हजारों बच्चे तस्करी का शिकार होकर एक राज्य से दूसरे राज्य मे ले जाए जाते हैं जिससे बाल मजदूरी तथा बाल वेश्यावृत्ति जैसी घटनाएं सामने आने लगी है। उन्होंने बताया कि हम सभी का यह दायित्व है कि इस गंभीर सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए अपने स्तर पर एकजुट होकर प्रयास करें तभी इस सामाजिक बुराई को समाप्त किया जा सकता है। जागरूकता शिविर में पिपलाई पुलिस चैकी में कार्यरत कार्मिक तथा दर्जनों आमजन उपस्थित थे।