केकई ने दिखाया त्रिया चरित्र, श्रीराम को दिलाया वनवास
सवाई माधोपुर 6 अक्टूबर। शहर के रामलीला मैदान में नगर रामलीला मंडल समिति के तत्वावधान में चल रही रामलीला अब कोतुहल की और अग्रसर हो रही है।
समिति के प्रवक्ता दिलीप शर्मा ने बताया कि बुधवार की लीला करुण रस एवं हास्य रस से भरपूर रही। केकई-मंथरा संवाद पर लोग खूब हँसे तो दशरथ के पुत्र मोह के रुदन पर आँखे भी नम हुई। केकई एवं दशरथ संवाद में त्रिया चरित्र एवं त्रिया हठ का नजारा भी देखने को मिला। जैसे ही दशरथ ने मजबूर होकर श्रीराम को 14 वर्ष का वनवास के आदेश दिया तो दर्शको में केकई पर खूब फब्तियां भी कसी। इससे पहले ए पी एस स्कूल की ओर से कमलेश जैन एवं अजय नामा ने आरती करके आज की लीला का मंचन आरम्भ कराया।
समिति के अध्यक्ष रामजीलाल जोशी एवं महामंत्री राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि गुरुवार को भरत मिलन की लीला का मंचन होगा। श्रीराम का निषादराज से मिलन, श्रीराम-केवट संवाद और केवट द्वारा श्रीराम, लक्ष्मण एवं सीताजी को नाव से नदी पर कराने की सुंदर झांकी विशेष आकर्षण रहेगी। सुमंत का विलाप एवं दशरथ मरण के मार्मिक दृश्य भी विशेष आकर्षण रहेंगे।