प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन
सवाई माधोपुर 17 मई। कोरोना संकट के दौर में मरीज और जरूरतमंद लोगों के लिए पिछले वर्ष से ही लगातार अपनी सेवाएं दे रहे समाजसेवी और मुकेश भूप्रेमी एवं भूप्रेमी परिवार संस्था के सदस्य बलराम भूप्रेमी व चंदन के खिलाफ राजकीय अस्पताल द्वारा किए गए मुकदमे को लेकर आज सवाई माधोपुर आम जनता, भूप्रेमी परिवार संस्था, किसान आंदोलन के प्रतिनिधियों ने अलग-अलग तीन ज्ञापन उद्योग एवं जिला प्रभारी मंत्री परसादी लाल मीणा सहित जिला कलेक्टर व एसपी को सर्किट हाउस में सौंप कर मुकदमें वापस लेने तथा मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की।
अबसार अहमद, प्रेमराज हिंदवाड़, पार्षद राजेश पहाड़िया, कमलेश फौजी, रामसहाय पटेल आदि ने कहा है कि संस्था के संस्थापक एवं अन्य सदस्य नेक भावना से लोगों को बचाने के लिए अस्पताल में कार्य कर रहे थे। अस्पताल और कई क्वॉरेंटाइन सेंटरों में पिछले दिनों भी 45 दिनों तक खाना वितरित किया था। इसी प्रकार इस दूसरी लहर में भी अस्पताल में मास्क, सैनिटाइजर, ऑक्सीजन, बेड, ऑक्सीजन मीटर आदि की सेवा में योगदान दिया जा रहा था।
ज्ञापन में यह आरोप लगाया कि किसी दुर्भावना के चलते अस्पताल को निशुल्क पंखे कूलर उपलब्ध कराने के अपराध में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। जो सरासर झूठ है। इस झूठ को साबित करने के लिए आर पार संघर्ष किया जाएगा। इस अवसर पर रामलाल पटेल, रतिराम पटेल दुब्बी बनास, शंकर लाल, कलीम खान, आसाराम बैनाड़ा, अकसद अहमद, अवधेश शर्मा आदि मौजूद थे।
इसी प्रकार ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन जिला कमेटी के जिलाध्यक्ष हरिओम सिंह ने भी जिला प्रभारी एवं उद्योग मंत्री परसादी लाल मीणा से समाजसेवियों पर दर्ज किए गए मुकदमे की सही तरीके से जांच की जानी चाहिए तथा यह मुकदमा वापस लेने की मांग की है। उन्होने कहा कि सामान्य चिकित्सालय में जन सेवा भाव के इरादे से अपनी सेवा दे रहे युवाओं पर इस तरह आरोप लगाना निंदनीय है।