सवाई माधोपुर, 30 नवंबर। रेण्डायल गुर्जर निवासी चन्द्रशाह पुत्र नथुआ खॉ काफी दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था क्योंकि उस पर 14 हजार 256 रूपये का घरेलू बिजली बिल बकाया चल रहा था। वह जेवीवीएनएल अधिकारियों के चक्कर काट रहा था लेकिन अधिकारियों ने नियमों का हवाला देकर बताया कि बिल तो जमा करवाना ही पडेगा लेकिन पूरे पैसों की व्यवस्था नहीं होने के कारण वह बिल जमा करवाने में असमर्थ था। प्रशासन गांवों के संग अभियान ने उसकी परेशानी का काफी हद तक समाधान कर दिया है। वह इस अभियान के कैंप में पहुंचा और एसडीएम ने उसकी समस्या गौर से सुन कर एलपीएस योजना के तहत 10 हजार रूपये में सैटलमेंट करवा दिया।
चन्द्रशाह ने मौके पर ही बिल जमा करवा दिया तथा बिल राशि में 30 प्रतिशत से भी अधिक राहत मिलने पर मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत को धन्यवाद दिया और कहा कि ऐसे अभियानों से हमारे जैसे आम लोगों को बडी राहत मिलती है। वह ‘‘आज मेरा काम हुआ, मैं बहुत खुश हूं ’’ बोल कर खुशी-खुशी अपने घर की ओर चला गया। इस पर एसडीएम जवाहर लाल जैन ने बताया कि उसकी खुशी देखकर हम सभी को भी बहुत संतुष्टि मिली। राज्य सरकार के निर्देश पर सभी 22 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी जो दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, ऐसे लोगों के चेहरों पर मुस्कान देखकर हमें दोगुने जोश और मेहनत से कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।
सहकारी समिति के सदस्य बनने पर खुशी का नहीं रहा ठिकाना
सवाई माधोपुर, 30 नवंबर। ग्राम पंचायत रेण्डायल गुर्जर में आयोजित प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर में रेण्डायल गुर्जर निवासी समय सिंह, हिम्मत सिंह, बाबुदीन, अमरदीन, हरिलाल, मूली, हजारीलाल ने शिविर प्रभारी एवं उपखंड अधिकार से सहकारी समिति, मोहचा के सदस्य बनने के इच्छा जाहिर की। इन सभी ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत सहकारी समितियों के माध्यम से ग्रामीणों विशेषकर किसानों के लिये कई योजनायें चला रहे हैं लेकिन समिति सदस्य नहीं होने के कारण हमें लोन व कई अन्य लाभ नहीं मिल रहे हैं।
इस पर शिविर प्रभारी एवं उपखण्ड अधिकारी जवाहर लाल जैन ने तत्काल कार्यवाही करते हुए सहकारिता विभाग के शिविर में उपस्थित अधिकारी को निर्देश देकर मौके पर ही इन सभी सात लोगों को सहकारी समिति, मोहचा का सदस्य बनवाया । इस पर इन सभी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा व एसडीएम को धन्यवाद देकर खुशी- खुशी अपने घरों की ओर रवाना हुये।
शिविर में मौके पर ही समस्या समाधान होने पर
राज्य सरकार का आभार किया प्रकट
सवाई माधोपुर, 30 नवंबर। राज्य सरकार ने लगभग सभी योजनाओं में जन आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया है लेकिन रेण्डायल गुर्जर निवासी शिवचरण शर्मा ने अभी तक यह कार्ड नहीं बनवाया था। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत रेण्डायल गुर्जर में आयोजित शिविर में शिवचरण का जन आधार नामांकन हो गया है।
शिवचरण शर्मा ने शिविर में उपखण्ड अधिकारी से इस बाबत निवेदन किया तो उन्होंने ई-मित्र संचालक को निर्देश देकर उसका जन आधार नामांकन करवाया ।
इसी शिविर में पप्पू, विजेन्द्र, मुनेश कुमार जाटव एवं रामवीर सिंह जाटव के जन आधार में ई-मित्र के माध्यम से एडिटिंग कर अतिरिक्त सूचना जोडी गई व त्रुटि दूर की गई। इसके अभाव में उन्हें कई योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा था। मौके पर ही अपनी समस्या का समाधान होने पर इन सभी ने प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर लगाने के लिए राज्य सरकार बहुत बहुत आभार प्रकट किया ।
—000—
दुग्ध संकलन केन्द्र खुलने से लोगों को मिलेगी सुविधा
सवाई माधोपुर, 30 नवंबर। प्रशासन गांवों के संग अभियान के तहत ग्राम पंचायत रेण्डायल गुर्जर में आयोजित शिविर में डेयरी विभाग ने रेण्डायल गुर्जर में दुग्ध संकलन केन्द्र खोलने की घोषणा की है जिस पर शिविर में उपस्थित पशुपालकों ने राज्य सरकार का आभार प्रकट किया।
इसके साथ ही डेयरी विभाग के अधिकारियों ने शिविर में उपस्थिति पशुपालकों को दुग्ध संकलन प्रक्रिया व डेयरी सदस्यता के बारे में जानकारी दी । उन्हें बताया कि पशुओं को किस मौसम में क्या-क्या खिलाना चाहिए, जिससे कि अधिक दुग्ध उत्पादन हो। उन्होंने पैक्ड दूध के विपणन और विक्रय के बारे में भी जानकारी दी।
विभिन्न दुर्घटनाओं में मृतको के आश्रितों एवं घायलों को
9 लाख 40 हजार रूपये की सहायता राशि स्वीकृत
सवाई माधोपुर, 30 नवंबर। विभिन्न दुर्घटनाओं में मृतकों के आश्रितों एवं घायलों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 9 लाख 40 हजार रूपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
जिला कलेक्टर राजेन्द्र किशन ने बताया कि मृतक दीपक कुमार निवासी पचीपल्या, धनराज बैरवा निवासी आरामपुरा, राकेश कुमार मीणा निवासी नारौली चौड़, श्याम लाल माली निवासी डाबर, प्रभु लाल मीणा निवासी बागडोली, सूरज कुमार मीना निवासी शिशोलाव, मुकेश मीना निवासी सवाई सागर, ईसरदा, अनिता निवासी नायपुर एवं मास्टर रीनू प्रजापत निवासी गोठडा की विभिन्न दुर्घटना में मृत्यु होने पर इनके आश्रितों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से एक-एक लाख रूपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
इसी प्रकार सड़क दुर्घटना में घायल होने पर मुकेश जागा एवं हरिराम गुर्जर निवासी नगरहेड़ा को 20-20 हजार रूपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है।