‘कलेक्टर की पाती, आमजन के नाम’’
लोगों को किया जाएगा जागरूक
सवाई माधोपुर, 22 मार्च। जिला कलेक्टर राजेन्द्र किशन ने जिले में कोविड-19 टीकाकरण के लिए आमजन को प्रेरित करने के उद्देश्य से एक नवाचार शुरू किया है। उन्होंने ‘‘कलेक्टर की पाती, आमजन के नाम’’ लिखी है। इस पाती को शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाएंगे। इस पाती में कलेक्टर द्वारा 60 वर्ष से अधिक आयु के तथा गंभीर बीमारियों से ग्रसित 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को कोविड वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस पाती में कलेक्टर द्वारा कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाने, बार बार हाथ धोने, दो गज की दूरी का पालन करने की अपील भी की जाएगी। पाती में कोरोना वैक्सीनेशन के पूर्णतः सुरक्षित होने, इस संबंध में किसी प्रकार का भय नहीं रखने के लिए भी जागरूक किया जाएगा। इसी प्रकार कलेक्टर की पाती को अन्य माध्यमों से भी आमजन तक पहुंचाकर जागरूकता लाने का प्रयास किया जाएगा। कलेक्टर इस पहल को आगे बढाते हुए एडीएम डॉ सूरज सिंह नेगी ने जिला शिक्षा अधिकारी, सीएमएचओ सहित अन्य अधिकारियों को भी पाती के माध्यम से जागरूक करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लेने की बात कही।