सवाईमाधोपुर: रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान स्थित त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर बुधवार को एक हृदयविदारक घटना घटी। झाड़ियों में छिपी बैठी बाघिन सुल्ताना ने अचानक हमला कर दिया और लगभग सात वर्षीय एक बच्चे को उठा ले गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम और उच्च अधिकारी तुरंत जंगल की ओर रवाना हुए। सुरक्षा के मद्देनजर गणेश मंदिर मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए तत्काल बंद कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे मंदिर से दर्शन कर पैदल लौट रहे श्रद्धालुओं की संख्या कम थी। इसी दौरान, अचानक झाड़ियों से निकली बाघिन ने एक बच्चे पर हमला कर दिया। बाघिन ने बच्चे की गर्दन को अपने मुंह में दबाया और उसे झाड़ियों के रास्ते पहाड़ियों की ओर ले गई।
इस भयावह घटना से श्रद्धालुओं में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शी रामसिंह ने बताया कि घटना देखकर बच्चे की दादी जोर-जोर से रोने लगी और बेहोश हो गई। तुरंत ही वन विभाग को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) और वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकालकर मंदिर मार्ग को बंद करवा दिया।
वन विभाग की टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की जांच की, जिसमें बाघिन सुल्ताना झाड़ियों के बीच बच्चे के ऊपर पंजा रखकर बैठी हुई दिखाई दी। वन विभाग के अधिकारियों ने बाघिन से बच्चे को छुड़ाने के लिए काफी प्रयास किए। अंततः, पटाखों का उपयोग करके बाघिन को वहां से हटाया गया। हालांकि, तब तक बच्चे की दुखद मृत्यु हो चुकी थी और उसका पेट फटा हुआ था। वन विभाग ने शाम 4 बजकर 50 मिनट पर बच्चे के शव को बरामद किया।
मृतक बच्चे की पहचान कार्तिक सुमन (7) पुत्र द्वारका माली, निवासी गोहटा, थाना देई खेड़ा (बूंदी) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि कार्तिक अपनी दादी और एक पोती के साथ त्रिनेत्र गणेश मंदिर में शादी का निमंत्रण देने आया था। घटना के बाद से दादी गहरे सदमे में हैं और बेहोश होने के कारण अपना नाम, पता और गांव का नाम भी वन विभाग को नहीं बता पाई हैं। यह दोनों बच्चे दादी के बड़े बेटे के बताए जा रहे हैं।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.