मूलभूत सुविधाओं के अभाव में चल रहा पशु चिकित्सा केंद्र
बामनवास 15 जून। पशु चिकित्सा केन्द्र बामनवास में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। ऐसे में पशुपालकों को उनके पशुओं के लिए इसका लाभ पूरी तरह मिल सकता है इसमें संशय नजर आता है।
जानकारी के अनुसार एक पशु चिकित्सा अधिकारी के भरोसे चल रहा उपखंड क्षेत्र बामनवास पशु चिकित्सा केंद्र के लिए खुद का भवन नहीं है। जिला कलेक्टर के आदेश के बाद बैरवा बस्ती स्कूल में वैकल्पिक तौर पर पशु चिकित्सा केंद्र को सुचारू किया गया। लेकिन वहां पर बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। चिकित्सा केन्द्र में पशु चिकित्सा सहायक, पशुधन सहायक, सफाई कर्मचारी, पशुधन परिचारक आदि के पद रिक्त हैं। पूरे उपखंड क्षेत्र की बात करें तो 25 सहायक कर्मचारियों के पद रिक्त पड़े हुए हैं। उप केंद्र बावरा बाटोदा सुखार चिकित्सालय में चिकित्सक पशुधन सहायक व अन्य कर्मचारी का पद रिक्त है। जबकि पहाड़ी क्षेत्र कोचर में हर वर्ष हजारों की तादाद में गोवंश चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण मर जाते हैं।
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि इस संबंध में उपखंड अधिकारी के रीडर को ज्ञापन दिया गया है। ज्ञापन देने वालों में सलमान लोहार, बुद्धि शर्मा हिंदू सनातन मंच, तेज राम सैनी महात्मा ज्योतिबा फूले सेवा समिति अध्यक्ष, मलकेश मीणा, सुरेश चंद मीणा, करण सिंह मीणा आदि शामिल थे।