Rajasthan : लंदन की गलियों में घूमर,मारवाड़ी पंचरंगा साफा और लहंगा-ओढ़नी में
पहुंचे प्रवासी राजस्थानी।
लंदन में गणगौर के गीत गूंज रहे हैं। यहां केंटन शहर की गलियां ईसर गौर के जुलूस की गवाह बनी है। प्रवासी राजस्थानियों ने ईसर गौर की सवारी निकाली और पूजन किया। प्रवासियों के ब्रिटिश दोस्तों ने भी ढोल बजाकर ईसर गौर की पूजा में आनंद के साथ शिरकत की। आपको बता दें, कि ईसर गौर की पूजा परंपरागत परिधान में की गई। गौर-गौर गोमती जैसे लोकगीत लंदन की गलियों में गूंज रहे थे। राजस्थानी गीतों की स्वर लहरियां, मारवाड़ी परिधान में सजी-धजी महिलाएं और विशाल ईसर-गणगौर की प्रतिमाएं जुलूस के रूप में केंटन शहर की सड़कों पर निकली तो लगा लंदन में राजस्थान उतर आया। घूमर करती महिलाएं व ढोल पर नाचते लोगों ने विदेशी गलियों में राजस्थानी संस्कृति की रंगत बिखेर दी। लंदन के मूल निवासी भी खुद को रोक नहीं पाए और जुलूस में शामिल हो गए। जोश इतना था कि बच्चे भी इसमें झूमते नजर आए। लंदन में शनिवार को गणगौर उत्सव मनाया गया था।