Dholpur : खेत के विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा

Dholpur : खेत के विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा

राजस्थान में धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र के मुरलीपुरा गांव में रविवार को खेत के विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद एक पक्ष के लोगों ने लाठी और कुल्हाड़ी से दूसरे पक्ष के दो भाइयों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले की सूचना मिलते ही मनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों घायलों को अस्पताल लाया गया। घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मनियां थाना प्रभारी लाखन सिंह ने बताया कि हमले में घायल हुए रतीराम (60) और कन्हैयालाल (50) का खेत की जमीन को लेकर गांव के दूसरे पक्ष के भगवान सिंह पुत्र नारायण सिंह से पुराना विवाद चला आ रहा था। उन्होंने बताया कि रविवार को जमीनी विवाद को लेकर एक बार फिर से दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए, जिसमें हुई मारपीट में एक पक्ष के दोनों सगे भाई रतीराम और कन्हैया लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी पक्ष के लोग फरार हो गए थे। पीड़ित पक्ष के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि घायलों का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।