Rajasthan : सीएम गहलोत बोले पहली बार आ रहा है किसानों का बजट, जो चाहो वो मांग लो, ऐसा मौका फिर नहीं आएगा।

सीएम गहलोत बोले पहली बार आ रहा है किसानों का बजट, जो चाहो वो मांग लो, ऐसा मौका फिर नहीं आएगा।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार को पूर्व केन्द्रीय मंत्री महादेव सिंह खंडेला के पदभार ग्रहण समारोह में सम्मलित हुए। इस दौरान सीएम गहलोत एक बार फिर से केन्द्र सरकार पर हमलावर हुए। सीएम गहलोत ने किसानों की बेहतरी को लेकर अपनी योजनाएं गिनाईं और प्रधानमंत्री को वो बयान याद दिलाया जिसमें उन्होंने 2022 तक किसानों की आय दुगुनी करने का दावा किया था। सीएम गहलोत ने कहा कि केन्द्र अपनी कोशिशों में कामयाब नहीं हो पाया है। लेकिन कांग्रेस सरकार लगातार किसानों को मजबूत करने की योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने कृषि बजट का भी जिक्र किया। गहलोत ने कहा कि पहली बार वो इस तरह का बजट पटल पर रखने वाले हैं। सीएम गहलोत ने कहा कि हम तैयारी में जुटे हैं। ये पहला प्रयास है। उसमें कुछ कमी रहेगी तो अगली बार और सुधार करेंगे क्योंकि परफेक्ट कुछ नहीं होता। लगातार सुधार की गुंजाइश रहती है। जो व्यक्ति जिंदगी भर सीखता रहता है वह सुखी रहता है। अभी कृषि के लिए अलग से बिजली कंपनी बनाने की भी तैयारी चल रही है उसने समय लग रहा है क्योंकि वो बड़ा काम है। सीएम गहलोत ने कहा कि महादेव खंडेला के राजनीतिक अनुभव का फायदा आयोग को मिलेगा। सीएम ने कहा कि आयोग सरकार को सलाह देगा कि कृषि के क्षेत्र में क्या कर सकते हैं।

इजराइल से सीख कर आया है डेलिगेशन।
मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि किसानों की आमदनी कैसे बढ़े, खेतों में फूड प्रोसेसिंग सिस्टम के लिए कन्वर्जन की छूट दे दी गई है। करोड़ों रुपए के अनुदान तय किए गये हैं। पिछले आयोग का डेलिगेशन इजराइल गया था। पहले वहां रेगिस्तान थे लेकिन आज विश्व में कृषि भूमि के पहचान बन गई है। राजस्थान में भी बहुत गुंजाइश है। यहां किसानों ने अकाल की सदियों तक मार झेली है। हालांकि अब मानसून का मिजाज बदल गया है। ट्यूबवेल से पानी की व्यवस्था हो जाती है। पहले किसानों के सामने बहुत सारी चुनौतियां हुआ करती थी। लेकिन यूपीए गवर्नमेंट ने कानून बनाकर अधिकार देने के युग की शुरुआत की। खाद्य सामग्री का अधिकार, सूचना का अधिकार, शिक्षा का अधिकार दिया।
नरेगा से मिला रोजगार।
सीएम गहलोत ने नरेगा का जिक्र करते हुए कहा नरेगा कानून बनाकर 100 दिन के रोजगार का अधिकार दे दिया। किसानों को इसकी जानकारी नहीं कि काम मांगने पर यदि काम नहीं मिलेगा तो घर बैठे पैसा मिलेगा। नरेगा स्कीम के जरिए आज अकाल की स्थिति भी बने तो किसी के चेहरे पर चिंता की लकीर नहीं आएगी। राज्य सरकार किसानों के लिए कई योजना ला रही है। दूध उत्पादकों को सब्सिडी दी गई। अब किसान आयोग से भी सुझाव मांगे गए हैं। फिलहाल जो चाहो वो मांग लो, ऐसा मौका फिर नहीं आएगा। इस दौरान कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, मंत्री टीकाराम जूली विधानसभा सभापति राजेंद्र पारीक और मंत्री राजेंद्र गुढ़ा मौजूद रहे। वहीं उपाध्यक्ष पद पर दीपचंद खेरिया ने पदभार ग्रहण किया।
खंडेला ने सीएम गहलोत का जताया आभार।
नवनियुक्त अध्यक्ष महादेव खंडेला ने सीएम अशोक गहलोत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसान आयोग के चेयरमैन होने के नाते वो खुद और उपाध्यक्ष दीपचंद खेरिया किसानों के हित में ज्यादा से ज्यादा काम करेंगे। किसानों की समस्याएं और सुझाव मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री तक पहुंचाएंगे। ताकि राजस्थान में किसानों का ज्यादा से ज्यादा विकास हो सके। उन्होंने कहा कि पहली बार प्रदेश में कृषि बजट अलग से आ रहा है। ये सीएम अशोक गहलोत की किसानों की प्रति संवेदनशीलता है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने आज तक जितने भी वादे किए वो सब गलत और झूठे थे। उन्होंने किसानों से किया कोई वादा पूरा नहीं किया। किसानों के खिलाफ उन्होंने कानून बनाया, जिन्हें किसानों के आंदोलन से डर कर वापस लेने पड़े।