राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनी और अजमेर संभाग के कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट के गुर सिखाए

राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनी और अजमेर संभाग के कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट के गुर सिखाए। सांसद-विधायकों को दूर रखा।
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे इस बार जन्मदिन पर 8 मार्च को बूंदी में करेंगी शक्ति प्रदर्शन।
============
27 फरवरी को राजस्थान भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया एक दिवसीय दौरे पर अजमेर में रहे। पूनिया ने सबसे पहले सुबह 11 बजे एमडीएस चौराहा स्थित रावत कॉम्प्लेक्स में टीवी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनी। इस अवसर पर भाजपा के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे। तय कार्यक्रम के अनुसार पूनिया ने जयपुर रोड स्थित भाजपा के नवनिर्मित जिला कार्यालय का निरीक्षण भी किया। इसके बाद डॉ. पूनिया ने फॉयसागर रोड स्थित हंस पैराडाइज रिसोर्ट में भाजपा की संभाग स्तरीय बैठक में भाग लिया। इस बैठक से संभाग के सांसदों और विधायकों को दूर रखा गया। बैठक में जिला अध्यक्ष और भाजपा के विभिन्न अभियानों से जुड़े संयोजकों-समन्वयकों को ही बुलाया गया। बैठक में डॉ. पूनिया ने बूथ मैनेजमेंट के बारे में विस्तृत जानकारी दी। पूनिया ने कहा कि यदि बूथ मैनेजमेंट अच्छा होगा तो आगामी विधानसभा के चुनाव में जीत हो सकती है। बूथ से जुड़े एक एक मतदाता के बारे में भाजपा के कार्यकर्ता को जानकारी होनी चाहिए। जो मतदाता वोट डालने नहीं आते हैं, उन पर विशेष फोकस किया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की कल्याणकारी नीतियों के बारे में मतदाताओं को अधिक से अधिक जागरूक किया जाए। योजनाओं का लाभ दिलवाने में भाजपा कार्यकर्ता भूमिका निभाए। बैठक में अजमेर के प्रभारी और प्रदेश महामंत्री बीरमदेव सिंह शहर भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ. प्रियशील हाड़ा, देहात अध्यक्ष देवी शंकर भूतड़ा, शहर भाजपा के महामंत्री संपत सांखला आदि भी मौजूद रहे। बैठक में बाद पत्रकारों से संवाद करते हुए डॉ. पूनिया ने कहा कि अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल रही है। अभी भले ही बजट घोषणाओं को लेकर वाहवाही लूटी जा रही हो, लेकिन आने वाले दिनों में प्रदेश की जनता को इन घोषणाओं की हकीकत का पता चल जाएगा।
वसुंधरा का शक्ति प्रदर्शन:
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इस बार अपने जन्मदिन पर 8 मार्च को बूंदी में शक्ति प्रदर्शन करेंगी। राजे ने गत वर्ष जन्मदिन पर भरतपुर के गोवर्धन तीर्थ में धार्मिक अनुष्ठान पर शक्ति प्रदर्शन किया था। इस बार हाड़ौती क्षेत्र के बूंदी को चुना गया है। तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीमती राजे प्रात: 10:30 बजे भगवान केशव देव के दर्शन करेंगी। वहीं जब पूजा अर्चना का बड़ा कार्यक्रम भी रखा गया है। शाम को चंबल नदी में महिला कार्यकर्ताओं के साथ दीपदान करेंगी। जन्मदिन को शक्ति प्रदर्शन के तौर पर मनाने के लिए प्रदेशभर के राजे समर्थक कार्यकर्ता बूंदी में एकत्रित होंगे। इनमें सांसद, विधायक, स्थानीय निकायों के प्रमुख भाजपा के पदाधिकारी आदि को भी शामिल किया गया है।