Ajmer : जैन धार्मिक स्थल मणिपुंज के बाहर दुर्गंध फैलाने वाले खाद्य पदार्थों के ठेलों से धार्मिक भावनाएं आहत।

अजमेर में जैन धार्मिक स्थल मणिपुंज के बाहर दुर्गंध फैलाने वाले खाद्य पदार्थों के ठेलों से धार्मिक भावनाएं आहत।
जैन संत विजयराज महाराज के 15 मार्च से प्रवचन।
श्री अग्रोहा बंधु पश्चिमी क्षेत्र संस्था अजमेर के विष्णु चौधरी अध्यक्ष और महेंद्र जैन मित्तल सचिव बने।
============
अजमेर के कोटड़ा स्थित बीके कौल नगर में मुख्य मार्ग पर श्वेताम्बर जैन समाज का धार्मिक स्थल मणिपुंज स्थित है। यंू तो इस धार्मिक स्थल पर जैन साधु-संतों एवं साध्वियों का आवागमन लगा रहता है। लेकिन इन दिनों यह स्थल अजमेर में जैन समुदाय के प्रमुख स्थल इसलिए बन गया है, क्योंकि 15 मार्च से जैन संत विजय राज महाराज इस धार्मिक स्थल पर एक माह तक रहेंगे। इस दौरान प्रतिदिन महाराज श्री के प्रवचन भी होंगे, जिसमें प्रदेश भर से उनके अनुयायी आएंगे, लेकिन इसे दुर्भाग्यपूर्ण ही कहा जाएगा कि मणि पुंज के बाहर खड़े दुर्गंध फैलाने वाले खाद्य पदार्थों के ठेले धार्मिक भावनाओं को आहत कर रहे हैं।
जो लोग होटलों में खाना खाते हैं उन्हें पता है कि जब कोई सब्जी लहसुन और प्याज के बिना बनवानी होती है तब जैन दाल या सब्जी का ऑर्डर दिया जाता है। यानी जैन धर्म को मानने वाले लोग लहसुन और प्याज से भी दूर रहते हैं। लेकिन मणिपुंज के बाहर जो ठेले लगे हुए हैं, उनमें जो खाद्य पदार्थ बनाए जाते हैं उनकी वजह से चारों तरफ दुर्गंध फैलती है। दुर्गंध फैलाने वाले ठेलों को हटाने के लिए ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों को कई पत्र लिखे गए हैं, लेकिन आज तक भी कोई कार्यवाही नहीं हुई है। अब राष्ट्रीय जैन संत विजय राज जी महाराज के आगे से जैन धर्म को मानने वाले लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
मणिपुंज प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष शिखर चंद जैन, प्रतिनिधि अनिल कोठारी, एडवोकेट एसपी गांधी आदि ने आशंका जताई है महाराज श्री के प्रवचन के दौरान यदि दुर्गंध फैलती है तो माहौल तनावपूर्ण हो सकता है। वैसे भी यह मुख्य मार्ग है जहां पर ठेलों का अतिक्रमण नहीं हो चाहिए। लेकिन स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों की मिलीभगत की वजह से मुख्य मार्गों पर खाद्य पदार्थों के ठेले लग रहे हैं।
गंभीर बात यह है कि इन ठेले वालों को अजमेर शहर में बिजली वितरण की व्यवस्था संभालने वाली टाटा पावर कंपनी ने बिजली के कनेक्शन भी दे दिए हैं। जबकि विद्युत वितरण निगम के नियमों के मुताबिक ऐसे कनेक्शन नहीं दिए जा सकते हैं। इन अतिक्रमण कारी ठेले वालों की वजह से बीके कौल नगर का यातायात शाम के वक्त बाधित होता है। कई बार दुर्घटनाएं भी हो जाती है।
चौधरी अध्यक्ष, मित्तल सचिव बने:
अजमेर शहर को आधा कवर करने वाली श्री अग्रोहा बंधु पश्चिमी क्षेत्र संस्था के चुनाव 13 मार्च को गंज स्थित जनकपुरी समारोह स्थल पर हुए। इसमें सर्वसम्मति से विष्णु चौधरी को अध्यक्ष, महेंद्र जैन मित्तल को सचिव तथा अजय अग्रवाल को कोषाध्यक्ष चुना गया। निर्वाचन अधिकारी चांद करण अग्रवाल और शैलेंद्र अग्रवाल ने बताया कि संस्था के चुनाव सर्वसम्मति से हुए हैं। अब संस्था में विवाद की कोई स्थिति नहीं है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने निवर्तमान पदाधिकारियों के कार्यों की प्रशंसा की है।
चौधरी और मित्तल ने कहा कि वे सभी समाज बंधुओं के सहयोग से संस्था को आगे ले जाएंगे। उनका पहला प्रयास संस्था का अपना भवन बनाने का होगा। मोबाइल नंबर 9414004757 पर विष्णु चौधरी और 9314008210 पर महेंद्र मित्तल को बधाई दी जा सकती है।