अलवर : 15 साल के बच्चे ने स्कूल यूनिफॉर्म नहीं दिलाने पर आत्महत्या कर ली ।  आत्महत्यासे पहले अपनी मां को लिखे संदेश में कहां अब आप कभी स्कूल के लिए लेट नहीं होंगी, दुनिया का सबसे अच्छा बर्थ-डे गिफ्ट, हैप्पी बर्थ-डे मम्मीजी। बच्चे की मां सरकारी स्कूल में शिक्षक है और दो दिन से बेटा मां से ड्रेस दिलाने की जिद कर रहा था। बच्चे की मां का शुक्रवार को 40 वां जन्मदिन था। मामला अलवर के बहरोड़ इलाके का है। बहरोड के गांव भगवाड़ी खुर्द के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक कंचन के पति की मौत हो चुकी है। विधवा कोटे में उसकी जॉब लगी। कंचन बहरोड़ में वार्ड 2 में किराए के कमरे में बेटे रोहित के साथ रह रही थी। रोहित बहरोड़ में ही एक निजी स्कूल में 10वीं क्लास का स्टूडेंट था। रोहित की बड़ी बहन मामा के यहां रहती है। वह 12 वीं क्लास की स्टूडेंट है। दो दिन से रोहित नई स्कूल यूनिफॉर्म की जिद कर रहा था। कंचन व्यस्त होने की वजह से रोहित को यूनिफॉर्म नहीं दिलवा पा रही थी।
शुक्रवार को कंचन का जन्मदिन था। उसने रोहित से वादा किया था कि स्कूल से लौटकर शाम को वह उसे नई यूनिफॉर्म दिला देगी। रोहित ने मां को स्कूल जाने से पहले बर्थ-डे विश किया था। साथ ही स्कूल यूनिफॉर्म जरूर दिलाने की बात कही थी। बार-बार यूनिफॉर्म की रट लगाने के कारण कंचन ने बेटे को डांट दिया था। कहा कि आज मैं स्कूल के लिए लेट हो रही हूं। शाम को दिला दूंगी। रोहित को मां की डांट ऐसी लगी कि उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया।स्कूल में क्लास के बच्चों ने भी कंचन का जन्मदिन मनाया। ब्लैक बोर्ड पर कंचन के जन्मदिन की इबारत लिखी और मोबाइल में फोटो खींचे। कंचन स्कूल से शाम को खुशी-खुशी घर लौटी। कमरे पर पहुंची तो गेट अंदर से लॉक था। बेटे को आवाज लगाई तो कोई जवाब नहीं मिला।
घबराई सहमी कंचन ने पड़ोसियों से मदद मांगी। गेट तोड़ा तो अंदर कमरे में रोहित रस्सी के सहारे पंखे से लटका हुआ था। पास ही प्लास्टिक का स्टूल पड़ा हुआ था। स्कूल की कॉपी पर रोहित ने लिखा था अब कभी आप स्कूल के लिए लेट नहीं होगी। मां बेसुध हो गई। रस्सी को काटकर रोहित को नीचे उतारा गया। पुलिस को सूचना दी गई। मां के जन्मदिन पर बेटे ने सुसाइड नोट में जो लिखा उसे पढ़कर हर कोई सकते में था। इस मामले में कंचन के रिश्तेदार ग्राम पंचायत गुंती के सरपंच अनिल कुमार मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। फिलहाल घर में कोई बात करने की स्थिति में नहीं है। पुलिस इस मामले में निजी स्कूल की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।