Karauli : कस्बा करौली में शोभा-यात्रा के दौरान हुए तनाव के बाद पुलिस की कार्यवाहीः-

Karauli : कस्बा करौली में शोभा-यात्रा के दौरान हुए तनाव के बाद पुलिस की

कार्यवाहीः-

46 उपद्रवी गिरफ्तार:-
07 उपद्रवी हिरासत में:-
21 वाहन जब्त:-
प्रसन्न कुमार खमेसरा महानिरीक्षक पुलिस, भरतपुर रेंज, भरतपुर ने बताया कि दिनांक 02.04.2022 को फूटा कोट क्षेत्र मैन बाजार करौली में जुलूस के दौरान हुए पथराव के बाद पुलिस ने तत्परतापूर्वक कार्यवाही करते हुए 46 लोगों को गिरफ्तार कर, 07 को पूछताछ हेतु पुलिस हिरासत में लिया है। 13 आरोपियों को घटना के सम्बन्ध में पुलिस थाना कोतवाली करौली में दर्ज प्रकरण में तथा 33 लोगों को कर्फ्यू आदेश के उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। 07 लोगों को पूछताछ हेतु पुलिस हिरासत में लिया गया है। इस दौरान कुल 21 दुपहिया व चौपहिया वाहन भी पुलिस द्वारा जब्त किये गये।
प्रसन्न कुमार खमेसरा महानिरीक्षक पुलिस, भरतपुर रेंज, भरतपुर ने बताया कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्वयं तत्काल मौके पर करौली पहुॅचकर श्री शैलेन्द्रसिंह इन्दौलिया पुलिस अधीक्षक करौली के साथ परिस्थितियों का जायजा लेकर रेंज के अन्य जिलों से आवश्यक पुलिस जाब्ता एवं आरएसी को बुलाकर मौके पर शान्ति एवं व्यवस्था हेतु लगाया गया।
पुलिस मुख्यालय के द्वारा हालात पर निकट सुपरवीजन के उद्देश्य से श्री संजीब नार्जरी अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, पुर्नगठन एवं नियम को एवं, श्री भरतलाल मीना महानिरीक्षक पुलिस, कानून एवं व्यवस्था, श्री राहुल प्रकाश उप महानिरीक्षक पुलिस, अपराध शाखा, श्री मृदुल कच्छावा, उपायुक्त जयपुर दक्षिण (पूर्व पुलिस अधीक्षक करौली) श्री नारायण टोगस जिला पुलिस अधीक्षक धौलपुर को कानून एवं व्यवस्था की स्थिति बनाये रखने में सहयोग हेतु करौली भेजा गया। उपरोक्त सभी अधिकारियों ने जिला मुख्यालय करौली पर कैम्प किया हुआ है।
कानून एवं व्यवस्था को बनाये रखने के लिए शहर में जगह-जगह पुलिस जाब्ता लगाकर हालात पर निकटतम निगरानी जारी है। शहर में पुलिस जाब्ता के साथ फ्लेग मार्च किया गया। अभी हालात नियन्त्रण में हैं परन्तु शहर में एहतियात के तौर पर कर्फ्यू लगाया गया है।