Kota : कोटा बैराज के 11 गेट खोले, सवा लाख क्यूसेक पानी की निकासी

कोटा बैराज के 11 गेट खोले, सवा लाख क्यूसेक पानी की निकासी

कोटा। न्यूज. भारी बारिश के चलते सोमवार को कोटा बैराज के 11 गेट खोले गए। पांच गेट 10 और 6 गेट 15 फीट खोलकर करीब सवा लाख क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।
चंबल के जवाहर सागर और रावतभाटा बांध से भी पानी की आवक लगातार बनी हुई है। तेज बारिश के चलते लोगों को चंबल के नजदीक जाने से मना किया गया है। कोटा से धौलपुर तक चंबल किनारों रहने वाले लोगों को भी चेतावनी जारी की गई है। पर आने वाले लोगों के लिए खतरा बताया गया है।
भारी बारिश के चलते शहर की सड़कें दरिया बनी हुई हैं।
नगर निगम द्वारा पानी में फंसे कई लोगों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। कोटा के अलावा रावतभाटा और झालावाड़ में भी तेज बारिश हुई है। राष्ट्रीय राजमार्ग दरा की नाल में अचानक ज्यादा पानी की आवक होने से वाहन फंस गए। इसके चलते यहां जाम लग गया। दोपहर बाद तक पुलिस जाम खुलवाने में जुटी थी। कोटा के डाढ़देवी जंगलों में नालों में उफान आने से कई लोग फंस गए । कोटा नगर निगम की ओर से रेस्क्यू चल रहा है।झालावाड़ शहर के तीनों तालाबों पर चादर चल रही है।
इधर, शहर के शॉपिंग सेंटर, जवाहर नगर, तलवंडी और स्टेशन इलाके में सड़कों पर कई कई फीट तक पानी भर गया। माला रोड, स्टेशन देवली, अरब रोड और बोरखेड़ा में भी जल प्लावन की स्थिति बनी हुई है। शहर के अधिकांश नाले बारिश के पानी में बहने लगे और नालों का पानी सड़कों पर पहुंच गया। इसके चलते नगर निगम की नाला सफाई व्यवस्था की पूरी तरह से पोल खुल गई है। शहर के डीसीएम, प्रेम नगर, कंसुआ और अनंतपुरा की निचली बस्तियों में पानी घरों में घुस गया है। इसी तरह से कुन्हाड़ी इलाके के बड़गांव राजकीय विद्यालय में भी पानी भर गया है।