Indian Railways : सहायक संरक्षा अधिकारी पुरस्कृत, दुर्घटना छुपाने का मिला इनाम

Indian Railways : सहायक संरक्षा अधिकारी पुरस्कृत, दुर्घटना छुपाने का मिला इनाम

Kota Rail News : कोटा के सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी आरएल मीणा को 31 मई को जबलपुर में आयोजित कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारी ने एक हजार रुपए देकर पुरस्कृत किया है। कर्मचारियों में चर्चा है कि मीणा को यह इनाम संभवत जाजमपट्टी में हुई दुर्घटना को छुपाने के लिए दिया गया है। उल्लेखनीय है कि 20 मई को जाजमपट्टी में डाउन लाइन का ब्लॉक लेकर अप लाइन में वैल्डिंग का काम किया जा रहा था। तभी मौके पर एक मालगाड़ी पहुंच गई थी। वह तो गनीमत रही कि चालक ने लाल झंडी देख कर ट्रेन को रोक दिया। अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी।
मामले में खास बात यह है कि इसी दिन जाजमपट्टी में आरएल मीणा भी मौजूद थे। सूचना पर मीणा ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया था। लेकिन बाद में सब मामला गोल हो गया। प्रशासन ने मामले की जानकारी तक कराना उचित नहीं समझा। संभवतः इसी बात से खुश होकर मुख्यालय ने मीणा को इनाम देना जरूरी समझा।
अन्य कर्मचारी भी पुरस्कृत
मीणा के अलावा पुरस्कार प्राप्त करने वालों में स्टेशन मास्टर फहीम अहमद, स्टेशन मैनेजर विनोद गुप्ता तथा समुंदर सिंह भी शामिल हैं।
इसके अलावा सामूहिक पुरस्कार इंद्रगढ़ के एलएम रतन लाल और हरिंदर, गंगापुर के चालक गोपाल सिंह और सहायक चालक शिवराज सिंह तथा सुनील कुमार को मिला है।
जीएम अवार्ड 
पश्चिम मध्य रेलवे महाप्रबंधक अवार्ड समारोह शुक्रवार को जबलपुर मुख्यालय में आयोजित होगा। पुरस्कार प्राप्त करने के लिए डीआरएम पंकज शर्मा सम्मानित होने वाले अधिकारियों के साथ गुरुवार रात दयोदय ट्रेन से जबलपुर रवाना हो गए।
उल्लेखनीय है कि इस बार कोटा मंडल ने 9 शील्डों पर कब्जा किया है। इनमें दूसरे मंडल के साथ मिलकर जीती सांझा शील्ड भी शामिल है।