जांच पड़ताल के लिए गई पुलिस टीम पर बोला हमला, एक से डेढ़ घंटे तक बंधक बनाकर की मारपीट। Alwar

अलवर मे बेखौफ बदमाश, जांच पड़ताल के लिए गई पुलिस टीम पर बोला हमला, एक से डेढ़ घंटे तक बंधक बनाकर की मारपीट।

अलवर जिले के मालाखेड़ा क्षेत्र के एक गांव में दो पुलिसकर्मियों पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। दरअसल सुकोला गांव में शराब माफियाओं ने एक एएसआई सहित तीन पुलिसकर्मियों को बंधक बनाकर जमकर पीटा और एक घंटे तक उनको बंधक बनाए रखा। सूचना पर अलवर से कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। घायल एएसआई और अन्य पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अलवर के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वही एएसआई की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक अकबरपुर चौकी के सहायक उप निरीक्षक मनोज अपने एक साथी पुलिसकर्मी के साथ मालाखेड़ा क्षेत्र के एक गांव में गुमशुदगी की शिकायत पर मामले की जांच पड़ताल के लिए पहुंचे। इसी दौरान पुलिस को पास ही शराब की भट्टियों के चलने की जानकारी मिली। मनोज अपने साथियों के साथ भट्टियों की जांच पड़ताल के लिए गए, तभी शराब माफियाओं ने उनको घेर लिया और तीनों पुलिसकर्मियों को बंधक बनाकर जमकर पीटा। घायल एसआई ने बताया कि हमलावरों के पास पिस्टल डंडा कुल्हाड़ी चाकू सहित कई तरह के हथियार थे। उन लोगों ने हवा में भी फायरिंग की, एक से डेढ़ घंटे तक उन लोगों ने तीनों को बंधक बनाए रखा। इस दौरान उनके साथ मारपीट करते रहे। उसके बाद घर की महिलाओं को बुलाया और पुलिसकर्मियों के पास बैठा कर उनका वीडियो बनाया। इसी बीच घटनास्थल के पास से गांव की कुछ महिलाएं गुजर रही थी, उनके शोर मचाने पर आरोपियों ने पुलिस कर्मियों को छोड़ा। घटना की जानकारी अन्य लोगों को मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हुए। लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इस पर अलवर से कई थानों की पुलिस, आरएसी घटनास्थल पर पहुंची। दोनों घायल पुलिसकर्मियों को मालाखेड़ा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उनको अलवर के लिए रेफर कर दिया। अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है। उधर मारपीट की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमन मीणा पहुंचे। मालाखेड़ा थाने और मालाखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर भर्ती घायल सहायक उपनिरीक्षक की स्थिति का जायजा लिया।