नर्मदा नदी बस हादसे में राजस्थान के चार लोगों की हुई मौत।

नर्मदा नदी बस हादसे में राजस्थान के चार लोगों की हुई मौत।

मध्य प्रदेश में सोमवार सुबह हुए नर्मदा नदी बस हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। महाराष्ट्र रोडवेज की बस इंदौर से पुणे जा रही थी। धार जिले के संजय सेतु ब्रिज से नदी में गिरी बस में 40 पैंसेंजर्स थे। इस हादसे में राजस्थान के भी चार लोगाें की जान गई है। नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और बाकी शवों की तलाश की जा रही है। एमपी के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि राजस्थान के चार मृतकों में चेतनराम जांगिड़ गोविंदगढ़ (जयपुर), जगन्नाथ जोशीसराड़ा (उदयपुर), रुकमणी जोशी ऋषभदेव (उदयपुर) और राजू मोर रावतभाटा (चित्तौड़गढ़ ) का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि मृतक जगन्नाथ जोशी और रुकमणी रिश्तेदार हैं। जगन्नाथ का औरंगाबाद में रेस्टोरेंट का बिजनेस है। वहीं, चेतनराम जांगिड़ औरंगाबाद में प्राइवेट जॉब करता है और रविवार शाम को जयपुर से निकला था। हादसे की जानकारी लगते ही खलघाट के स्थानीय लोगों ने सबसे पहले मदद की। जो फोटो और वीडियो सामने आए हैं, उनमें स्थानीय लोग शवों को खोजते दिखे। कुछ लोग अपनी नाव से शवों बाहर निकाल रहे थे। उधर, इंदौर और धार से NDRF की टीम मौके पर पहुंच गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए सहायता देने की घोषणा की है। घायलों को 50 हजार रुपए की मदद दी जाएगी। महाराष्ट्र की बस होने की वजह से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को घटना की जानकारी दी। हादसा आगरा-मुंबई हाईवे पर हुआ। यह रोड इंदौर से महाराष्ट्र को जोड़ता है। जिस संजय सेतु पुल से बस गिरी, वो दो जिलों- धार और खरगोन की सीमा पर बना है। पुल का आधा हिस्सा खलघाट (धार) और आधा हिस्सा खलटाका (खरगोन) में है। खलघाट टोल नाके की हाईवे एम्बुलेंस के ड्राइवर श्रीकृष्ण वर्मा ने बताया कि मैं ड्यूटी पर था। सुबह 10.03 बजे कंट्रोल रूम से कॉल आया। सूचना मिली कि पुल से एक बस नर्मदा नदी में गिर गई है। सूचना मिलने के करीब 3 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गया था। बस नदी में गिरी हुई थी। तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। नदी से अब तक एक भी व्यक्ति जीवित या घायल नहीं निकाला जा सका है। बस को नदी से निकाल लिया गया है। बस में इंदौर और राजस्थान के जयपुर, उदयपुर के यात्री भी सवार थे।