आधा दर्जन बदमाशों ने स्टेशन मास्टर पर किया जानलेवा हमला, बाल-बाल बची जान, देर रात की घटना

आधा दर्जन बदमाशों ने स्टेशन मास्टर पर किया जानलेवा हमला, बाल-बाल बची जान, देर रात की घटना
कोटा। न्यूज़. इंदरगढ़-कुशतला स्टेशन के बीच बुधवार देर रात हथियारबंद आधा दर्जन अज्ञात बदमाशों ने स्टेशन मास्टर का जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में स्टेशन मास्टर की जान बाल-बाल बची है। स्टेशन मास्टर ने मामले की शिकायत कोटा मंडल अधिकारियों राजस्थान पुलिस और आरपीएफ को की है।
अपनी शिकायत में स्टेशन मास्टर हरभजन मीणा (46) ने बताया कि उसकी इंद्रगढ़ में ड्यूटी रहती है। दो दिन के लिए उसकी ड्यूटी कुशतला स्टेशन पर लगाई गई थी। ड्यूटी खत्म होने के बाद वह रात करीब 10:30 बाइक पर इंद्रगढ़ लौट रहा था। रवांजनाजोड़ और पीपलवाड़ा गांव के बीच दो बाइक पर सवार 6 बदमाश अचानक उसके पीछे लग गए। बदमाशों के हाथों में तलवारें और सरिए थे। सभी ने अपने सिर पर तोलिया बांध रखा था।
एक बाइक सवार बदमाशों ने आगे आकर उसे जबरन रोकने की कोशिश की। दूसरी बाइक सवार बदमाशों ने पिछे से उस पर सरियों से हमला कर दिया। इस हमले में उसकी पीठ पर चोंटें आई हैं। गनीमत थी कि पीठ पर बैग टंगा था। इसके चलते उसे गहरी चोट नहीं लगी।
बड़ी मुश्किल से बची जान
अपनी शिकायत में हरभजन ने बताया कि इस हमले के बाद वह बुरी तरह घबरा गया था। उसे अपनी जिंदगी खत्म होती नजर आ रही थी। आंखों के आगे अंधेरा छा गया था। गनीमत रही कि बदमाशों के हमले में वह बाइक से नहीं गिरा। इसके बाद हिम्मत कर जैसे-तैसे वह बदमाशों के चंगुल से बचते हुए बाइक को तेजी से चलाकर भगा निकाला। टोल नाके पर आकर उसने राहत की सांस ली। बड़ी मुश्किल से उसकी उखड़ी सांसे काबू में आ सकीं। इसके बाद इंदरगढ़ स्टेशन पहुंचकर उसने स्टाए को मामले की जानकारी दी। इसके बाद कोटा अधिकारियों, आरपीएफ और पुलिस को घटना से अवगत कराया।
बाइक से गिरने पर नहीं बचता
हरभजन ने अपने साथियों को बताया कि अगर वह बाइक से गिर जाता तो किसी भी हालत में जिंदा नहीं बचता। बदमाशों के तेवर बहुत खतरनाक लग रहे थे। बदमाशों ने बेरहमी से उसके ऊपर सरियों से हमला किया। नीचे गिरने पर बदमाश उसे तलवारों से काट डालते। हरभजन ने बताया कि उसकी किसी से दुश्मनी नहीं है। संभवत बदमाशों ने लूट के इरादे से उस पर हमला किया।