Indian Railways : चलती ट्रेन में बच्ची का जन्म, महिला जेकेलोन में भर्ती, रात एक बजे की घटना

Indian Railways : चलती ट्रेन में बच्ची का जन्म, महिला जेकेलोन में भर्ती, रात एक बजे की घटना

Kota Rail News : शुक्रवार आधी रात को दौड़ती ट्रेन में एक महिला द्वारा बच्ची को जन्म देने का मामला सामने आया है। ट्रेन कोटा स्टेशन पहुंचने पर महिला को जेके लोन अस्पताल में भर्ती कराया है। फिलहाल मां और बच्ची स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
यात्रियों ने बताया कि पूजा पत्नी अभिषेक बांद्रा-इज्जत नगर ट्रेन (09005) में अकेली सफर कर रही थी। स्लीपर कोच में सवार पूजा सूरत से फिरोजाबाद जा रही थी।
यात्रियों ने बताया कि ट्रेन कोटा पहुंचने से पहले पूजा को अचानक प्रसव पीड़ा (लेबर पेन) शुरू हो गई।
यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना टीटीई को दी। टीटीई ने कोटा कंट्रोल रूम को मामले की जानकारी से अवगत कराया। लेकिन ट्रेन कोटा पहुंचने से पहले ही पूजा ने यात्रियों की मदद से एक बच्ची को जन्म दे दिया।
जेकेलोन में कराया भर्ती
इधर, सूचना मिलते ही रेलवे डॉक्टर सोना दास और स्टेशन निदेशक शशि भूषण प्लेटफॉर्म पर पहुंच गए। रात करीब एक बजे ट्रेन कोटा पहुंचते ही डॉक्टर ने महिला और बच्ची की जांच की। आगे सफर संभव नहीं होने के कारण डॉक्टर ने महिला और बच्ची को कोटा में ही उतार लिया। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से महिला और बच्ची को जेके लोन अस्पताल भिजवाया गया। इस काम में स्टेशन उपाधीक्षक (वाणिज्य) आरके कपूर और मनोज सिंह ने काफी मदद की।
प्रीमेच्योर डिलीवरी
डॉक्टर सोना दास ने बताया कि पूजा ने समय से पहले बच्ची को जन्म (प्रीमेच्योर डिलीवरी) दिया है। बच्ची अभी 7 महीने की ही है। समय से पहले जन्म लेने के कारण बच्ची की विशेष देखभाल की जा रही है।