सशस्त्र बलों की सैन्य अभियानगत तत्परता और वैज्ञानिक कौशल को प्रदर्शित करने वाले लाइव प्रदर्शनों ने डेफएक्सपो 2022 के दौरान दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के वैज्ञानिकों के साथ सेना, नौसेना, वायु सेना और भारतीय तटरक्षक के कर्मियों सहित सशस्त्र बलों की टुकड़ी गांधीनगर, गुजरात में 18 से 22 अक्टूबर, 2022 तक जारी डेफएक्सपो 2022 के अंतर्गत साबरमती रिवर फ्रंट पर सैन्य अभियानों का प्रदर्शन कर रही है। रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने 18 अक्टूबर को गुजरात के राज्यपाल श्री आचार्य देवव्रत के साथ इन साहसी प्रदर्शनों को देखा। प्रदर्शन का उद्देश्य लोगों को रक्षा बलों के सैन्य अभियानों के दौरान ज़रूरी तत्परता और वैज्ञानिक कौशल का प्रदर्शन करना था।

यह भी पढ़ें :   प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में हुई दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया

इस प्रदर्शन में सशस्त्र बलों के एयर, सरफेस और सब-सरफेस घटक शामिल थे। कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय थल सेना, नौसेना और वायु सेना के जवानों द्वारा एक आकर्षक कॉम्बैट फ्री फॉल के साथ हुई। इसके बाद भारतीय नौसेना के कुलीन मरीन कमांडो (मार्कोस) और भारतीय सेना के पैरा (एसएफ) कमांडो द्वारा एक साहसी प्रदर्शन किया गया, जिसमें कुशलतापूर्वक एक हेलीकॉप्टर से नाव पर रस्से के सहारे उतरा गया, फिर जेमिनी नाव तेज़ गति से चलाई गई और दुश्मन की चौकी को तबाह कर दिया गया। इसके बाद की कार्रवाई सारंग टीम द्वारा विस्मयकारी हेलोबैटिक्स और भारतीय वायु सेना द्वारा संचालित हैंग ग्लाइडर के साथ फिर से आसमान में की गई।

यह भी पढ़ें :   सरकार ने एफएम रेडियो चरण- III नीति दिशानिर्देशों में संशोधनों को मंजूरी दी

अन्य गतिविधियों में तटरक्षक बल द्वारा खोजबीन एवं बचाव प्रदर्शन, स्मॉल टीम इंसर्शन एंड एक्सट्रैक्शन तथा भारतीय नौसेना द्वारा एक शानदार आक्रामक डेमो, भारतीय वायु सेना द्वारा निरंतरता ड्रिल, डीआरडीओ द्वारा रोबोटिक्स प्रदर्शन और सेना के तीनों अंगों द्वारा संयुक्त बैंड प्रदर्शन शामिल थे। कार्यक्रम का समापन भारतीय नौसेना के ड्रम वादकों द्वारा टैटू समारोह के साथ हुआ।

****

एमजी/एएम/एबी/वाईबी