कैबिनेट सचिव श्री राजीव गौबा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति (एनसीएमसी) ने बैठक की और बंगाल की खाड़ी के ऊपर संभावित चक्रवाती तूफान से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की

कैबिनेट सचिव श्री राजीव गौबा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय संकट प्रबंधन समिति (एनसीएमसी) ने आज बैठक की और बंगाल की खाड़ी के ऊपर संभावित चक्रवाती तूफान से निपटने के लिए केन्द्रीय मंत्रालयों/एजेंसियों और राज्यों/केन्द्र- शासित प्रदेशों की सरकारों की तैयारियों की समीक्षा की।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक ने समिति को बंगाल की खाड़ी में मौसम प्रणाली की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी दी, जिसके उत्तर की ओर बढ़ने और 24 अक्टूबर को एक चक्रवाती तूफान के रूप में घनीभूत होने की संभावना है। इसके बाद इसके उत्तर पूर्व की ओर बढ़ने और 25 अक्टूबर को ओडिशा तट को पार करते हुए पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश के तटों तक पहुंचने की संभावना है। इसके 25 अक्टूबर की मध्यरात्रि के आसपास बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल के तटों को पार करने की संभावना है।

ओडिशा, पश्चिम बंगाल तथा अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के मुख्य सचिवों और आंध्र प्रदेश के विशेष मुख्य सचिव ने समिति को चक्रवाती तूफान के संभावित रास्ते में रह रही आबादी की सुरक्षा के लिए की जा रही तैयारियों और स्थानीय प्रशासन द्वारा किए जा रहे उपायों से अवगत कराया। समुद्र में गए मछुआरों को वापस लौटने और अन्य लोगों को समुद्र में न जाने के लिए आगाह किया गया है।

यह भी पढ़ें :   केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (चरण-3) के तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के लाभार्थियों को दो महीने–मई और जून 2021 के लिए अतिरिक्त खाद्यान्न आवंटन को मंजूरी दी

एनडीआरएफ ने राज्यों को अपनी टीमें उपलब्ध करा दी हैं और अतिरिक्त टीमों को भी तैयार रखा जा रहा है। थल सेना और नौसेना के बचाव एवं राहत दलों को जहाजों और विमानों के साथ तैयार रखा गया है।

राज्यों और केन्द्रीय एजेंसियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए, श्री राजीव गौबा ने जोर देकर कहा कि राज्यों/ केन्द्र – शासित प्रदेशों की सरकारों के संबद्ध अधिकारियों और केन्द्रीय एजेंसियों के संबंधित अधिकारियों द्वारा निवारक और एहतियाती उपाय किए जाने चाहिए। हमारा लक्ष्य जीवन के नुकसान को शून्य पर रखना और संपत्ति तथा बिजली एवं दूरसंचार जैसे बुनियादी ढांचे को कम से कम नुकसान सुनिश्चित करना और इस बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की स्थिति में, इसे कम से कम संभव समय में बहाल करना होना चाहिए।

यह भी पढ़ें :   राष्ट्रीय महिला आयोग ने मणिपुर की महिला व्यापारियों के लिए क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया

कैबिनेट सचिव ने कहा कि समुद्र में मौजूद मछुआरों को वापस बुला लिया जाना चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि तूफान से पहले संवेदनशील इलाकों से लोगों को समय रहते निकाल लिया जाए। कैबिनेट सचिव ने राज्यों/केन्द्र-शासित प्रदेशों की सरकारों को आश्वासन दिया कि सभी केन्द्रीय एजेंसियां पूरी तरह ​​तैयार हैं और सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगी।

बैठक में ओडिशा, पश्चिम बंगाल तथा अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के मुख्य सचिवों और आंध्र प्रदेश के विशेष मुख्य सचिव, गृह मंत्रालय एवं विद्युत मंत्रालय के सचिवों और दूरसंचार विभाग के प्रतिनिधियों, एनडीएमए के सदस्य सचिव तथा सीआईएससी आईडीएस, डीजी एनडीआरएफ, डीजी आईएमडी, डीजी कोस्ट गार्ड और गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

***

एमजी/एएम/आर/एसएस