श्री फागू चौहान ने पटना में हुए इंडिया स्किल्स रीजनल कॉम्पिटीशन-ईस्ट के 98 विजेताओं को सम्मानित किया

 

बिहार के राज्यपाल श्री फागू चौहान ने आज बापू सभागार, पटना में इंडियास्किल्स 2021 रीजनल कॉम्पिटीशन-ईस्ट के विजेताओं को सम्मानित किया और प्रत्येक को एक स्वर्ण पदक के साथ 21,000 रुपये का नकद पुरस्कार सौंपा। पहले उपविजेताओं को 11,000 रुपये और एक रजत पदक दिया गया। 8 राज्यों/ केन्द्र शासित प्रदेशों के 98 आवेदकों को इंडिया स्किल्स रीजनल कॉम्पिटीशन-ईस्ट का विजेता घोषित किया गया था। ओडिशा रीजनल कॉम्पिटीशन की स्वर्ण और रजत पदक तालिका दोनों में शीर्ष पर रहा।

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, बिहार, झारखंड, मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल ने ईस्टर्न कॉम्पिटीशन में भाग लिया। क्षेत्रों के विजेता दिसंबर, 2021 में होने वाले नेशनल कॉम्पिटीशन में भाग लेंगे और उनमें सर्वश्रेष्ठ अक्टूबर, 2022 में शंघाई, चीन में होने वाले वर्ल्ड स्किल्स कॉम्पिटीशन में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

 

 

बिहार सरकार में श्रम संसाधन एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री श्री जिबेश कुमार, बिहार सरकार में सड़क निर्माण विभाग के मंत्री श्री नितिन नवीन, भारत सरकार में कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव श्री अतुल तिवारी, बिहार सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती वंदना कीनी और बिहार सरकार में श्रम आयुक्त सुश्री रंजीता ने रीजनल (ईस्ट) फाइनल की शोभा बढ़ाई। समारोह में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के वरिष्ठ प्रमुख श्री जयकांत सिंह और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, पटना के निदेशक श्री टी एन सिंह उपस्थित रहे।

श्री फागू चौहान ने प्रतिभागियों के उत्साह और ऊंचे मनोबल को देखकर खुशी व्यक्त की। श्री चौहान पिछले तीन दिनों में प्रतिभागियों के कौशल को देखकर प्रसन्न हुए। उन्होंने कहा कि इंडिया स्किल्स न सिर्फ एक प्रतिस्पर्धा है, बल्कि एक ऐसा मंच है जो दुनिया को भारत की क्षमताएं दिखाने में सक्षम बनाता है। उन्होंने कहा कि वह विजेताओं से नेशनल कॉम्पिटीशन और वर्ल्डस्किल्स में भी इसी तरह से कौशल के प्रदर्शन की उम्मीद कर रहे हैं।उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और विजेताओं को नेशनल कॉम्पिटीशन के लिए शुभकामनाएं दीं।

यह भी पढ़ें :   गोवा में पश्चिम एवं मध्य क्षेत्र में स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों, बैंकों एवं उपक्रमों इत्यामदि के लिए संयुक्तं क्षेत्रीय राजभाषा सम्मे्लन का आयोजन किया गया

विजेताओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए, श्री जिबेश कुमार ने कहा कि इस रीजनल कॉम्पिटीशन से राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के लिए सर्वश्रेष्ठ लोगों का चयन करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि रीजनल कॉम्पिटीशन कौशल, शिक्षा और अनुभव हासिल करने के लिए युवाओं को एक मंच उपलब्ध कराता है। उन्होंने कहा, देश में कुशल युवाओं की क्षमताओं और ताकत के साथ, हम ‘दुनिया में कौशल की राजधानी’ बन सकते हैं। हम अपने युवाओं को जितना कुशल बनाएंगे, नए कौशल हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगे, हम उतना ही ज्यादा भारत के कौशल इकोसिस्टम का विस्तार करने में सक्षम होंगे।

श्री नितिन नवीन ने कहा कि इंडियास्किल्स कॉम्पिटीशन में, विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुशल युवा अपने संबंधित क्षेत्रों में प्रतिस्पर्धा करेंगे। उन्होंने कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये प्रयास हमारे देश में निरंतर युवा प्रतिभाओं की क्षमताओं की पहचान करने और उनको तराशने में निर्णायक रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार सरकार युवाओं को आगे भी प्रोत्साहन देती रहेगी।

240 से ज्यादा आवेदकों ने कुकिंग, रेस्टोरैंट सेवा, कन्फेक्शनरी/पेस्ट्री बनाना, ब्यूटी थेरेपी, हेयरड्रेसिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग डिजाइन (सीएडी), वेब डिजाइन, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी सॉफ्टवेयर सॉल्युशंस, ग्राफिक डिजाइन टेक्नोलॉजी, मोबाइल रोबोटिक्स सहित 42 कौशलों में 20 से 23 अक्टूबर तक प्रतिस्पर्धा की।

अगला रीजनल कॉम्पिटीशन गांधीनगर (वेस्ट) में, उसके बाद चंडीगढ़ (नॉर्थ) और विशाखापट्टनम (साउथ) में होगा। इंडियास्किल्स नेशनल कॉम्पिटीशन दिसंबर, 2021 में बंगलुरू, कर्नाटक में आयोजित होगा।इंडियास्किल्स नेशनल कॉम्पिटीशन के विजेताओं को अक्टूबर, 2022 में वर्ल्डस्किल्स शंघाई में प्रतिनिधित्व के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें :   भारतीय पारंपरिक ज्ञान के एक पूर्व कला डेटाबेस, पारंपरिक ज्ञान डिजिटल लाइब्रेरी (टीकेडीएल) तक पहुंच पर इंस्टिट्यूट नेशनल डे ला प्रोप्रिएट इंडस्ट्रीयल, फ्रांस तथा वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) के बीच सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर

2,50,000 से ज्यादा पंजीकरणों के साथ, इंडियास्किल्स 2021 अगस्त-सितंबर में जिला और राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धाओं से शुरू हुआ था। इस साल, इंडियास्किल्स रीजनल्स में 5 क्षेत्रों के 30 राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेशों से 1,500 प्रतिभागी एक साथ आएंगे। आवेदकों को बूट कैम्प्स और परियोजना आधारित प्रशिक्षण जैसे कार्यक्रमों, उद्योग और कारपोरेट प्रशिक्षण, उद्योगों के लिए एक्सपोजर विजिट, माइंड कोचिंग और व्यक्तित्व विकास के माध्यम से बहुआयामी उद्योग प्रशिक्षण मिलता है। सेक्टर स्किल काउंसिल (एसएससी) और भागीदार संस्थानों के माध्यम से एनएसडीसी आवेदकों को न सिर्फ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रशिक्षण देता है, बल्कि भविष्य के उपक्रमों के लिए, नौकरी के लिए तैयार कर रहा है।

कौशल उत्कृष्टता के लिए गोल्ड स्टैंडर्ड माना जाने वाला वर्ल्डस्किल्स एक द्विवार्षिक कार्यक्रम है, जिसमें 80 से ज्यादा देशों से भागीदारी दर्ज होती है। दुनिया भर के कुशल और प्रतिभावान युवा कई क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रतिस्पर्धा करते हैं। 2019 में कजान, रूस में हुए वर्ल्डस्किल्स के पिछले संस्करण  में, वैश्विक आयोजन में भाग लेने वाले 63 देशों के बीच 13वें पायदान पर रहा था। 56 कौशलों में 1,350 से ज्यादा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और भारतीय टीम ने 15 उत्कृष्टता पदकों के साथ चार पदकों (एक स्वर्ण, एक रजत, दो कांस्य पदक) के साथ अपना अभी तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।

 

राज्यवार पदक विवरण इस प्रकार है…

राज्य

स्वर्ण

रजत

बिहार

5

6

पश्चिम बंगाल

4

1

असम

10

4

झारखंड

3

1

मिजोरम

3

6

ओडिशा

23

20

त्रिपुरा

1

4

अंडमान

1

6

 

*****

एमजी/एएम/एसएस