देश को तनाव के माहौल से छुटकारा मिले- मुख्यमंत्री अशोक गहलोत। कुछ लोग भारत की छवि को धूमिल कर रहे हैं- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

देश को तनाव के माहौल से छुटकारा मिले- मुख्यमंत्री अशोक गहलोत।
कुछ लोग भारत की छवि को धूमिल कर रहे हैं- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।
ब्रह्माकुमारी संस्थान के स्वर्णिम भारत कार्यक्रम में अलग अलग विचार।
============
देश विदेश में सामाजिक और आध्यात्मिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली ब्रह्माकुमारी संस्थान का स्वर्णिम भारत का कार्यक्रम 20 जनवरी को बडे स्तर पर आयोजित किया गया। संस्थान के आबू रोड स्थित मुख्यालय पर हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। तो संस्थान की प्रमुख दादी मोहिनी बहन न्यूयॉर्क से वीसी के जरिए जुड़ी। इसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आदि ने भी वीसी के जरिए ही भव्य कार्यक्रम को संबोधित किया। समारोह में मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर इन दिनों देश भर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इसके अंतर्गत ब्रह्माकुमारी संस्थान भी स्वर्णिम भारत अभियान का आगाज कर रहा है। इससे युवा पीढ़ी को यह पता चलेगा कि हमें कितने बलिदान के बाद आजादी मिली है। लेकिन इन दिनों देश में भय और तनाव का माहौल है। जिससे छुटकारा मिलना चाहिए। गहलोत ने कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही देश का विकास किया जा सकता है। समारोह में अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम गहलोत के कथन का तो उल्लेख नहीं किया, लेकिन उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश की छवि धूमिल कर रहे हैं। मैं चाहता हंू कि ब्रह्मा कुमारी जैसी अंतर्राष्ट्रीय संस्थाएं अपनी अपनी विदेशी ब्रांच के जरिए उस देश के पांच पांच सौ लोगों को भारत लाए और देश की हकीकत से अवगत कराए। जब विदेशी लोग भारत के विकास को देखेंगे तो उन्हें सच्चाई का पता चलेगा। मोदी ने कहा कि अमृत महोत्सव का समय सोते हुए सपने देखने का नहीं है बल्कि आगामी 25 वर्षों के लिए संकल्प लेने का समय है। उन्होंने कहा कि अच्छे लोग समाज के भीतर से ही तैयार होते हैं। पिछले 75 वर्षों में लोगों को कर्तव्यों के प्रति जागरूक नहीं किया गया। हमेशा अधिकार देने की बात की गई। जबकि लोगों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन भी करना चाहिए। ब्रह्माकुमारी से जुड़े लाखों युवक-युवतियां लोगों को कर्तव्यों के प्रति जागरूक कर सकती है। मोदी ने इस बात पर खुशी जताई कि आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर स्वर्णिम भारत अभियान चलाकर ब्रह्माकुमारी संस्थान ने एक अच्छी शुरुआत की है। मैं भारत के निर्माण में हर भारतवासी की भूमिका होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज भारत समानता और सामाजिक न्याय की बुनियाद पर खड़ा है। आज लड़कियां सैनिक स्कूल में पढ़ रही हैं। लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ी है। केंद्रीय मंत्रिमंडल में महत्वपूर्ण विभागों में जिम्मेदारी महिला मंत्री संभाल रही है बेटी बचाओं बेटी पढ़ाओं जैसे अभियान से लड़कियों की जन्म दर में वृद्धि हुई है। स्वास्थ्य, चिकित्सा आदि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण काम हो रहे हैं देश में ऑर्गेनिक और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए बड़े अभियान चलाए जा रहे हैं। समारोह में संस्थान की प्रमुख मोहिनी बहन ने कहा कि स्वर्णिम भारत अभियान के अंतर्गत एक रैली आबू रोड से दिल्ली के बीच निकाली जा रही है। रैली में शामिल भाई-बहन जगह जगह लोगों को स्वास्थ्य, कृषि आदि के बारे में जानकारी देंगे। संस्थान का उद्देश्य सेवा और त्याग की भावना को बढ़ाना है।