महिला एवं बाल विकास मंत्रालय एक से आठ मार्च तक अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह मनायेगा

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय एक से आठ मार्च तक अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह मनायेगा। यह आयोजन ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के क्रम में ‘प्रतीक सप्ताह’ के रूप में किया जायेगा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के सप्ताह भर चलने वाले समारोह के अंग के रूप में मंत्रालय विभिन्न कार्यक्रम करेगा तथा महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर सोशल मीडिया अभियान चलायेगा। कार्यक्रमों का आयोजन राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों तथा विशेषज्ञों के सहयोग से किया जायेगा, जिनमें महिलाओं, बच्चों तथा उनकी सुरक्षा और सशक्तिकरण से सीधे जुड़े व्यक्तियों की भागीदारी की योजना बनाई गई है।

समारोह कल, यानी एक मार्च से शुरू होगा। पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो के सहयोग से इसकी शुरूआत की जायेगी, ताकि महिलाओं की सुरक्षा और रक्षा के बारे में जागरूकता पैदा हो सके। इस दिन राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) अपना स्थापना दिवस भी मनायेगा। इस कार्यक्रम का मुख्य केंद्र बच्चे होंगे। बच्चों द्वारा एक प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी तथा बच्चों को लाल किले का भ्रमण भी करवाया जायेगा।

दो मार्च को होने वाले कार्यक्रम का मुख्य विषय संकट ग्रस्त महिलाओं के समर्थन के लिये ‘वन स्टॉप’ केंद्रों की भूमिका है। निमहांस, बेंगलुरु के सहयोग से मंत्रालय स्त्री मनोरक्षा परियोजना का शुभारंभ करेगा। इस परियोजना के तहत मनोवैज्ञानिक आरोग्य पर जोर दिया जायेगा तथा इसका लक्ष्य है भारत में महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य में सुधार लाना। ओएससी परामर्शदाताओं के लिये एक उन्नत प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का भी इस दौरान शुभारंभ किया जायेगा। इस कार्यक्रम के बाद महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त उपक्रम के रूप में ‘वन स्टॉप’ केंद्रों के क्षमता निर्माण पर विचार-सम्मेलन का आयोजन किया जायेगा।

यह भी पढ़ें :   काशी की प्रतिष्ठित और पुरातन विरासत एवं संस्कृति का उत्सव मनाने के लिए वाराणसी में तीन दिवसीय कार्यक्रम 'काशी उत्सव' आयोजित किया जा रहा है

तीन मार्च, 2022 को ‘विमेन ऑफ टूमॉरो’ विषय पर समारोह किया जायेगा। इस दौरान “यंग विमेन इन स्टेम – अपॉरट्यूनिटीज, चैलेंजेस एंड सॉल्यूशंस” जैसे विषयों पर पैनल चर्चा होगी। इसके बाद महिला एवं बाल विकास मंत्री के साथ वित्तीय साक्षरता पर “नारी शक्ति वार्ता – फायरसाइड चैट” का आयोजन होगा।

चार और पांच मार्च, 2022 को बाल अधिकार संरक्षण राज्य आयोगों के साथ दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया जायेगा, जिसमें बाल अधिकार से जुड़ सम-सामयिक विषयों पर चर्चा होगी। यह आयोजन भोपाल में होगा। इसके साथ ही चार मार्च को ऑनलाइन सोशल मीडिया गतिविधि चलाई जायेगी, जिसमें जनजातीय क्षेत्रों/आकांक्षी जिलों के महिलाओं के वृत्तांतों को रेखांकित किया जायेगा।

यह भी पढ़ें :   वैकल्पिक विवाद निस्तारण व्यवस्था से आमजन को मिलेगा सस्ता, सुलभ व शीघ्र न्याय  - न्यायाधीश, श्री दिनेश माहेश्वरी 

सात मार्च, 2022 को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और यूनिसेफ इंडिया मिलकर ‘बैक टू स्कूल’ अभियान की शुरूआत करेंगे। यह आयोजन ‘कन्या शिक्षा प्रवेश उत्सव’ के क्रम में किया जायेगा तथा स्कूल बीच में छोड़ देने वाली लड़कियों को समर्थन देने का विषय इसके केंद्र में होगा।

अंतिम दिन, यानी आठ मार्च, 2022 को दो प्रमुख आयोजन होंगे – नारी शक्ति पुरस्कार और महिला पुलिस प्रतिनिधियों के लिये अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सम्मेलन। इसमें सभी राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों की महिला पुलिस हिस्सा लेंगी। इस कार्यक्रम में महिलाओं के असाधारण कार्यों के बारे में बताया जायेगा तथा इसके जरिये विभिन्न वर्गों के श्रोता एक संयुक्त बल के रूप में एक साथ आने में सक्षम होंगे, ताकि देशभर में लैंगिक समानता की दिशा में आगे बढ़ा जाये।

‘अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस’ सप्ताह समारोह लैंगिक समानता, बराबरी और महिला सशक्तिकरण के ध्येय को प्राप्त करने की दिशा में की गई प्रगति का समारोह है। इस दौरान लैंगिक समानता की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाने तथा उपलब्धियां प्राप्त करने के महत्त्वपूर्ण प्रयासों को भी पेश किया जायेगा।

****

 

एमजे/एएम/एकेपी