प्रख्यात फिल्म निर्देशक शेखर कपूर ने मुंबई में ‘भारतीय सिनेमा और सॉफ्ट पावर’ पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्घाटन किया

प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक शेखर कपूर ने आज मुंबई में भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) द्वारा ‘भारतीय सिनेमा और सॉफ्ट पावर’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी का उद्घाटन किया। राजभवन में आयोजित इस उद्घाटन समारोह में महाराष्ट्र के राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी और आईसीसीआर के अध्यक्ष श्री विनय सहस्रबुद्धे भी शामिल हुए।

 

इस अवसर पर उपस्थित गणमान्‍यजनों को संबोधित करते हुए श्री शेखर कपूर ने कहा कि एशियाई देशों के लिए विश्व की प्रमुख संस्कृति बनने का यही बिल्‍कुल उपयुक्त समय है। उन्होंने कहा, ‘ जब मैं युवा था तो एक समय ऐसा भी आया था जब मैं अमेरिकियों की तरह ही बनने की ख्वाहिश रखता था। इसका मुख्‍य कारण अमेरिकी मीडिया का व्‍यापक प्रभाव था।’ श्री कपूर ने कहा, ‘अब हमारी बारी है; एशिया का उदय हो रहा है और भारत एवं चीन दो ऐसे देश हैं जो अपनी सॉफ्ट पावर के बल पर दुनिया में प्रमुख प्रभावक बन सकते हैं। चीन इसे हासिल करने के लिए पहले से ही हरसंभव प्रयास कर रहा है।’

  

प्रौद्योगिकी उन्नयन की आवश्यकता पर विशेष जोर देते हुए श्री शेखर कपूर ने कहा, ‘यदि भारत को सिनेमा का उपयोग एक सॉफ्ट पावर के रूप में करना है, तो हमें दुनिया भर में आने वाली पीढ़ियों के दिलो-दिमाग को जीतना होगा।’  उन्होंने कहा, ‘अमेरिका और दुनिया में 90 फीसदी युवा फिल्मों एवं ओटीटी के अलावा विभिन्‍न गेम का आनंद उठाते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘हमें नवीनतम तकनीकों का उपयोग करके गेमिंग जैसे लोकप्रिय मीडिया के माध्यम से अपनी कहानियों को बयां करने के बारे में सोचने की जरूरत है। मैं भारतीय परिधानों में भारतीय पात्रों को दर्शाने वाले गेम देखना चाहता हूं।’   

यह भी पढ़ें :   भारतीय डाक भुगतान बैंक ने अपने ग्राहकों को साइबर धोखाधड़ी से सावधान किया

आईसीसीआर के अध्यक्ष श्री विनय सहस्रबुद्धे ने कहा, ‘आज दुनिया भर में भारतीय संस्कृति के लिए व्‍यापक सद्भावना और आकर्षण है, लेकिन हमें भारत के बारे में गहरी समझ विकसित करने की जरूरत है और सिनेमा इसके लिए एक प्रभावकारी माध्यम हो सकता है।’ उन्होंने कहा कि हमारी हालिया फिल्में मुख्‍यत: महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित हैं। कई बार फिल्म से होने वाले बिजनेस को ध्यान में रखते हुए कहानी के नकारात्मक पक्ष को दिखाया जाता है, लेकिन हमें पूरी तस्वीर पेश करने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘पूर्वोत्तर के लोगों का व्‍यापक संघर्ष, अनिवासी भारतीयों के विदेश में ही रहने या स्वदेश लौट जाने की दुविधा जैसे विषयों को अब भी मुख्यधारा के सिनेमा के जरिए दर्शाने की जरूरत है।’

यह भी पढ़ें :   मैरी कॉम समेत छह मुक्केबाज राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का हिस्सा बने

 महाराष्ट्र के राज्यपाल श्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि बॉलीवुड आज विश्व सिनेमा को कड़ी टक्कर दे सकता है; यह दुनिया भर में लोकप्रिय है। उन्होंने कहा, ‘योग और योग दिवस समारोह भी हमारे देश की सॉफ्ट पावर बन गए हैं।’

संगोष्ठी के बारे में

‘भारतीय सिनेमा और सॉफ्ट पावर’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी के विभिन्न तकनीकी सत्रों की अध्यक्षता सुभाष घई, रूपा गांगुली, भारत बाला, अंबरीश मिश्रा, अरुणाराजे पाटिल, अशोक राणे, मीनाक्षी शेडे, मनोज मुंतशिर, परेश रावल, जी पी विजय कुमार जैसी प्रख्यात हस्तियां और प्रसिद्ध विशेषज्ञ करेंगे।

सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री अनुराग ठाकुर कल मुंबई स्थित फिल्म प्रभाग में समापन समारोह में मुख्य अतिथि होंगे।

(पीएस: समापन समारोह के बारे में मीडिया एडवाइजरी अलग से जारी की जाएगी)

 

***

एमजी/एएम/आरआरएस /वाईबी