Indian Railways : सीआरबी कल कोटा में, ब्रेक सिस्टम की करेंगे जांच

Indian Railways : सीआरबी कल कोटा में, ब्रेक सिस्टम की करेंगे जांच

Kota Rail News : रेलवे बोर्ड अध्यक्ष (बीआरबी) विनय कुमार त्रिपाठी शनिवार को कोटा दौरे पर रहेंगे। नई दिल्ली-इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस से सुबह कोटा पहुंचकर त्रिपाठी सबसे पहले माल डिब्बा मरम्मत कारखाना (वर्कशॉप) जाएंगे। यहां पर त्रिपाठी विशेष रूप से बोगी माउंटेन ब्रेक सिस्टम (बीएमबीएस) की जांच करेंगे। उल्लेखनीय है कि इस नए ब्रेक सिस्टम के कारण मालगाड़ियों के डेंजर पास की घटनाएं बढ़ी हैं। इस ब्रेक सिस्टम के कारण समय पर गाड़ियां नहीं रुक रही हैं। रेलवे के तमाम प्रयास के बाद खामी का पता नहीं चल रहा है। निरीक्षण के दौरान त्रिपाठी इसी कमी को पकड़ने की कोशिश करेंगे। उल्लेखनीय है कि इस बात का खुलासा ‘कोटा रेल न्यूज’ द्वारा दो दिन पहले ही कर दिया गया था। प्रशासन ने भी अब इस पर अपनी मुहर लगा दी है। इसके अलावा त्रिपाठी कपलिंग सिस्टम और व्हील शॉप का भी निरीक्षण करेंगे। इसके बाद त्रिपाठी विभिन्न कर्मचारी संगठनों के नेताओं से मिलकर दोपहर 12 बजे डीआरएम ऑफिस रवाना हो जाएंगे। यहां पर त्रिपाठी कोटा मंडल के विकास कार्यों की जानकारी लेंगे। इसके बाद त्रिपाठी दोपहर करीब 2 बजे विभिन्न कर्मचारी संगठनों के नेताओं से मिलेंगे। दोपहर बाद 3:30 बजे त्रिपाठी का रनिंग रूम निरीक्षण का कार्यक्रम है। इसके बाद त्रिपाठी गार्ड-ड्राइव लोबी का भी निरीक्षण करेंगे।
जीएम आज जाएंगे
त्रिपाठी की अगवानी के लिए पश्चिम-मध्य रेलवे महाप्रबंधक एसके गुप्ता शुक्रवार को कोटा पहुंचेंगे। बीना से स्पेशल ट्रेन से निरीक्षण करते हुए गुप्ता का शाम को कोटा पहुंचने का कार्यक्रम है।
निरीक्षण के बाद त्रिपाठी शनिवार रात को ही इंदौर-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस से लौट जाएंगे। गुप्ता का अजमेर-जबलपुर दयोदय ट्रेन से लौटने का कार्यक्रम है।