Indian Railways : सीआरबी ने ली 6 घंटे बेठक, खर्च कटौती की सलाह पर बिफरे अधिकारी

Indian Railways : सीआरबी ने ली 6 घंटे बेठक, खर्च कटौती की सलाह पर बिफरे अधिकारी

Kota Rail News : अपने एक दिवसीय दौरे पर कोटा पहुंचे रेलवे बोर्ड अध्यक्ष (सीआरवी) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय कुमार त्रिपाठी ने शनिवार को डीआरएम कार्यालय में अधिकारियों की 6 घंटे तक मैराथन बैठक भी ली। बैठक के दौरान त्रिपाठी ने अधिकारियों को विशेष तौर से खर्च कटौती की सलाह दी। त्रिपाठी ने कहा कि रेलवे के पास पैसों की कमी है। अगर गैर जरूरी खर्चों पर नियंत्रण नहीं रखा गया तो कर्मचारियों समय पर वेतन तक मिलना मुश्किल हो जाएगा।
त्रिपाठी की इस सलाह पर उखड़े कई अधिकारियों ने कहा कि रेलवे की गलत नीतियों के कारण है रेलवे में फिजूलखर्ची को बढ़ावा मिल रहा है। रेलवे गैरजरूरी और निकट भविष्य में काम नहीं आने वाले अनाआर्थिक बिना कमाई वाले कामों पर चार-पांच सौ करोड़ रुपए तक खर्च कर देती है। जरूरी और इनकम वाले कामों पर रेलवे से 4-5 करोड़ रुपए तक खर्च नहीं होते। बैठक का अधिकतर समय इसी मुद्द पर बहस में खर्च हुआ। अपने तर्कों, नियमों और पुराने पत्रों का हवाला देकर दोनों पक्ष अपनी बात को सही ठहराने की कोशिश करते रहे।
त्रिपाठी पर हावी रहे अधिकारी
सूत्रों ने बताया कि बैठक की शुरुआत में त्रिपाठी डांट डपट कर अधिकारियों को ज्ञान पिलाते नजर आए। बाद में बर्दाश्त से बाहर होने पर अधिकारी अपने तर्कों द्वारा त्रिपाठी पर हावी नजर आए। हालांकि इस दौरान एक-दो अधिकारी त्रिपाठी का बचाव भी करते दिखे। लेकिन खर्चे की बात पर एकजुट हुए मुख्यालय अधिकारियों के आगे अधिकारी बेबस नजर आए।
आखिरकार झुकते हुए त्रिपाठी को कहना पड़ा कि अधिकारी उन्हें जरूरी खर्च और कामों की लिस्ट भेज दें। वह इन्हें मंजूर कराने की कोशिश करेंगे।
सूत्रों ने बताया कि किसी रेलवे बोर्ड अध्यक्ष पर अधिकारियों को इस तरह हावी होते पहली बार देखा गया है।
बैठक के दौरान त्रिपाठी ने किसी प्रश्न का जवाब नहीं मिलने पर कोटा मंडल बिजली अधिकारी को फटकार भी लगाई।
ऊपर लगी आग नीचे चल रही थी बैठक
सीआरबी की बैठक के दौरान मंडल कार्यालय के दूसरे माले पर ड्राइंग सेक्शन में अचानक आग लग गई। जबकि सीआरबी प्रथम तल पर बैठक ले रहे थे।
सूत्रों ने बताया कि यह आग बारिश के पानी के कारण हुए शार्ट सर्किट के कारण लगी। गनीमत रही कि आग ज्यादा नहीं फेली। कर्मचारियों ने आग पर जल्दी ही काबू पा लिया। इसके चलते बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।
विकास कार्यों की दी जानकार
बैठक में अधिकारियों ने त्रिपाठी को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से पश्चिम-मध्य रेलवे में चल रही विभिन्न परियोजनाओं तथा यात्री सुविधाओं की जानकारी दी।
बैठक में त्रिपाठी ने इन्फ्रास्ट्रक्चर, मोबिलिटी में सुधार, सेफ्टी परफारमेन्स, मेन पावर प्लानिंग तथा एक्सपेंडिचर कंट्रोल सहित कई प्रमुख बिन्दुओं के परफारमेन्स की समीक्षा कर विकास कार्यों तथा विभिन्न परियोजनाओं को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा त्रिपाठी ने कोटा एवं डकनिया तलाब के विकास एवं कार्य योजना के बारे में गहन चर्चा की। साथ ही काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद त्रिपाठी ने गार्ड-ड्राइवर लोबी का भी निरीक्षण किया। हालांकि त्रिपाठी का रनिंग रूम जाने का भी कार्यक्रम था। लेकिन समय नहीं होने के कारण त्रिपाठी रनिंग रूम नहीं जा सके।