Indian Railways: कोटा मंडल में 180 से दौड़ाई ट्रेन, एक साथ चलाई तीन मालगाड़ी, रचा इतिहास

कोटा मंडल में 180 से दौड़ाई ट्रेन, एक साथ चलाई तीन मालगाड़ी, रचा इतिहास

Rail News. कोटा रेल मंडल में शुक्रवार को एक साथ दो इतिहास रचे गए। पहली बार साधारण ट्रेन को 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया गया। साथ ही तीन मालगाड़ियों को भी जोड़कर एक साथ चलाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि कोटा-नागदा रेल खंड में एलएचबी कोच की पैंटीकार को अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ा कर परीक्षण किया गया। आरडीएसओ द्वारा यह परीक्षण कई बार किया गया। एलएचबी कोच की किसी ट्रेन को 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने का कोटा मंडल में यह पहला मामला है। कोटा मंडल में एलएचबी कोच की पैंटीकार का परीक्षण पहले भी किया गया है। लेकिन तब इसे 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया गया था। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 2018 में वंदे भारत ट्रेन को भी अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाया जा चुका है। लेकिन यह एक सेमी हाई स्पीड ट्रेन थी।

यह भी पढ़ें :   6 महीने बाद भी दो रेल इंजीनियरों को ही ठहराया दोषी, अभी भी चल रही जांच, अंडर ब्रिज में ट्रैकमैन की मौत का मामला

तीन मालगाड़ियां एक साथ चलाईं

इसी तरह पश्चिम-मध्य रेलवे के इतिहास में पहली बार तीन मालगाडियों को जोडकर एक लॉग हॉल के रुप चलाया गया।

इन मालगाड़ियों को कोटा-बारां रेलखंड स्थित भूलोन स्टेशन पर जोड़ा गया था। इनमें से दो कोटा से और एक मालगाड़ी थर्मल पावर प्लांट से भूलोन पहुंची थी। इसके बाद इस लॉग हॉल को भोपाल मंडल पहुंचाया गया। इसके चलते दो माल गाड़ियों के पाथ की बचत हो गई। इससे और अधिक मालगाड़ी चलाने का रास्ता साफ हो गया। लॉग हॉल बनाने के दौरान भूलोन स्टेशन पर सहायक परिचालन प्रबंधक उपेन्द्र सीपी सिंह उपस्थित थे। इस उपलब्धि के लिये पमरे महाप्रबंधक ने मंडल रेल प्रबंधक एवं टीम को बधाई दी है।